जबलपुर में आफत की बारिश: बरगी बांध के 13 गेट खुले, नर्मदा के सभी घाट जलमग्न; बाढ़ जैसे हालात
यश भारत, जबलपुर। सावन के महीने में जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश का दौर लगातार जारी है। कैचमेंट एरिया यानी मंडला और डिंडौरी जिलों में हो रही भारी बारिश के चलते नर्मदा नदी पर बना बरगी बांध लबालब भर गया है। स्थिति को देखते हुए बांध के 13 जलद्वारों (गेट्स) को खोलकर लगातार पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे नर्मदा नदी उफान पर है और तटीय इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
जलस्तर अत्यधिक बढ़ने के कारण जबलपुर के प्रमुख नर्मदा घाट – गौरीघाट, तिलवाराघाट, लम्हेटाघाट और विश्व प्रसिद्ध भेड़ाघाट पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। प्रशासन ने निचले और तटीय इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों को नर्मदा तटों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।
शहर में झमाझम, बारिश का आंकड़ा 472 मिमी पहुंचा
शुक्रवार सुबह से शुरू हुई रिमझिम बारिश के बाद दोपहर में हुई झमाझम बारिश ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया। बीते एक सप्ताह से जारी अनवरत बारिश के कारण जिले में अब तक कुल 472 मिलीमीटर (लगभग 18.5 इंच) वर्षा दर्ज की जा चुकी है।
लगातार हो रही बारिश से शहर के कई निचले इलाकों और सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई


















