Dhaniya In Mandi: गल्ला मंडी में नए कत्था धनिया की आवक शुरू
Dhaniya In Mandi: गल्ला मंडी में नए कत्था धनिया की आवक शुरू

Dhaniya In Mandi: गल्ला मंडी में नए कत्था धनिया की आवक शुरू हो गई है। राजस्थान की रामगंज मंडी में धनिया के नए माल की आपूर्ति आरंभ हो चुकी है जबकि आगामी समय में आपूर्ति की रफ्तार बढ़ने की संभावना है। फिलहाल रामगंज मंडी में नए धनिया की आवक 120-125 बोरी की रही, और मांग का समर्थन नहीं मिलने से कीमतों पर दबाव बना हुआ है।
इस बार धनिया के बिजाई क्षेत्र में कुल मिलाकर गिरावट आई है जबकि गुजरात में इसका क्षेत्रफल पिछले सीजन के 2.22 लाख हेक्टेयर से 43 प्रतिशत घटकर चालू सीजन में 1.27 लाख हेक्टेयर पर सिमट गया। धनिया का घरेलू उत्पादन कुछ घटने की संभावना के बावजूद निकट भविष्य में इसके दाम में बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद कम है, क्योंकि इसका पिछला स्टाक मौजूद है और नए माल की आपूर्ति भी बढ़ने की संभावना है। इधर, मध्यप्रदेश में बिजाई सामान्य हुई है और फसल की हालत संतोषजनक बताई जा रही है। इसी तरह राजस्थान में भी इसके रकबे में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। केवल गुजरात में क्षेत्रफल घटा है।
मध्यप्रदेश की मंडियों में धनिए की सीमित आवक हो रही है, क्योंकि उत्पादन नीचे दाम पर अपना स्टाक बेचने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। रामगंज मंडी में 2500-3000 बोरी धनिया आ रहा है जिसमें नया माल भी शामिल है। पिछले दिन इस मंडी में मोटा दाना बादामी धनिया का भाव 6000/6100 रुपये प्रति क्विंटल तथा ईगल धनिया का दाम 6200/6400 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया।
इंदौर में जूना धनिया बादामी 8500 से 9000 रुपये, ईगल धनिया 9500 से 10400 और 10500 से 11000 रुपये क्टिंटल बिक रहा है। अभी नया माल सीमित आया है और गीला होने से पूछपरख नहीं है। अगले सप्ताह के बाद नए धनिया की आवक इंदौर में बढ़ सकती है।
पिछले साल के मुकाबले चालू वित्त वर्ष के शुरुआती सात महीनों में यानी अप्रैल-अक्टूबर 2023 के दौरान धनिया का निर्यात 24,791 टन से उछलकर 76,848 टन पर पहुंच गया जिससे इसकी निर्यात आय भी 341.88 करोड़ रुपये से बढ़कर 643.14 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक नीचे दाम पर धनिया में निर्यात मांग मजबूत रह सकती है जिससे कीमतों को समर्थन मिलने की उम्मीद है। आगामी समय में इसका घरेलू बाजार भाव एक निश्चित सीमा में स्थिर रह सकता है जबकि कभी-कभी इसमें थोड़ी तेजी भी आ सकती है।
जबकि बादाम में विदेश के सौदे अच्छे होने और आवक बढ़ने की उम्मीद से मंदी देखी जा रही है। सियागंज में बादाम में 15 से 20 रुपये की नरमी रही। बादाम 550-570, बेस्ट 640-660, आस्ट्रेलियन बादाम बेस्ट 625-750 रुपये किलो रही। इसी तरह काजू में भी वैवाहिक मांग अपेक्षानुरुप नहीं रहने से 10 रुपये की नरमी देखी जा रही है।








