Latest

डेट पर डेट, बीरबल की खिचड़ी हुई जिला कांग्रेस अध्यक्षों की सूची, फिर से मिली नई डेट 

कटनी(YASHBHARAT.COM)।लगभग एक साल से मध्यप्रदेश कांग्रेस में नए जिलाध्यक्षों को लेकर होने वाली हलचल एक बार फिर से तेज हो गई है क्योंकि ऐसा फिर से कहा जाने लगा है कि आने वाले दो दिनों में कांग्रेस जिलाध्यक्षों की लिस्ट तय होने वाली है। लेकिन हर बार ये “इसी महीने” या “एक दो दिन बाद हो जाएगी घोषणा” जैसी बातें सुन सुनकर जिला अध्यक्षों की सूची बीरबल की खिचड़ी जैसी लगने लगी है।

फिलहाल दिल्ली से लेकर भोपाल तक हलचल तेज गति से जारी है कि कांग्रेस, जिला अध्यक्षों के चयन से पहले सीनियर नेताओं को पार्टी विश्वास में लेना चाहती है, जिसके लिए दिल्ली में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के संगठन प्रभारी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल मप्र कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी के साथ दिल्ली में बैठक संपन्न होने की जानकारी मिल रही है। वहीं भोपाल में भी कांग्रेस के राजनीतिक मामलों की बैठक हुई है जिसके बाद इस संभावना को बल मिल गया है कि कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की सूची जारी हो सकती है।

सूत्र बता रहे हैं कि कांग्रेस आलाकमान 2028 के विधानसभा चुनाव के नजरिए से कांग्रेस इस बार जिलाध्यक्षों का चयन रणनीति के साथ करना चाहती है,ऐसे में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मध्यप्रदेश के सीनियर नेताओं के साथ भी एक बैठक कर सकते हैं इस बैठक के फीडबैक के आधार पर संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत सूची को अंतिम रूप से जारी किए जाने की संभावना है।

विश्वस्त सूत्र फिर से बता रहे है कि कांग्रेस जिलाध्यक्षों की सूची आने वाले एक से दो दिन में आ सकती है।वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने ये कहकर कि 15 अगस्त को कांग्रेस के नए जिलाध्यक्ष कार्यालयों में झंडावंदन कर सकते हैं संभावनाओं को बल दे दिया है ऐसे में ये तय माना जा रहा है कि भोपाल से लेकर दिल्ली तक चला मंथन अब पूरा हो चुका है और कांग्रेस कभी भी लिस्ट जारी कर सकती है। जिससे सभी जिलों में हलचल तेज हो गई है। अब देखना है कि “अगले महीने” या “एक दो दिन में घोषणा होने” जैसी बीरबल की खिचड़ी कब तक पकती है।

Back to top button