मध्यप्रदेश

Damoh By Election: भाजपा उम्मीदवार राहुल सिंह लोधी आज भरेंगे नामांकन, सीएम भी रहेंगे साथ

Damoh By Election। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भाजपा प्रत्याशी राहुल सिंह लोधी के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर उनका नामांकन दाखिल कराएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज दोपहर 12 बजे दमोह पहुंचेंगे।

नामांकन दाखिल करवाने के बाद वे स्थानीय तहसील ग्राउंड में आम सभा को संबोधित करेंगे, इस कार्यक्रम के बाद वह स्वतंत्रता सेनानी खेमचंद बजाज के निधन पर उनके स्वजनों से भेंट करने जाएंगे और फिर भाजपा के जिलाध्यक्ष बिहारी लाल गौतम के घर पर जाकर मुलाकात करेंगे।

इसके बाद भाजपा सेक्टर प्रभारियों के साथ एक निजी होटल में बैठक करेंगे। दमोह उपचुनाव के लिए 17 अप्रैल को मतदान होना है। कांग्रेस ने यहां से अजय टंडन को अपना उम्मीदवार बनाया है।

गौरतलब है कि यहां पहले राहुल सिंह लोधी ही कांग्रेस से विधायक थे, इसके बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया और भाजपा में शामिल हो गए। दमोह में उपचुनाव की घोषणा होने के बाद भाजपा ने राहुल सिंह को ही अपना उम्मीदवार बनाया।

पूर्व मंत्री के भाई भाजपा में हो सकते हैं शामिल

बीते कुछ दिनों से यह चर्चा सामने आ रही है कि दिग्विजय सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री रहे मुकेश नायक के छोटे भाई पूर्व जनपद अध्यक्ष सतीश नायक भाजपा में शामिल हो सकते हैं। मुख्यमंत्री सिंह के आज के दमोह दौरा कार्यक्रम में एक कार्यक्रम यह भी तय किया गया है कि वह सतीश नायक के निवास पर जाकर भोजन करेंगे। इससे उन चर्चाओं पर प्रमाणिकता तय हो जाती है कि सतीश नायक भाजपा में जाने वाले हैं। यह भी माना जा रहा है कि हो सकता है इसके बाद मुकेश नायक भी भाजपा में शामिल हो जाएं और उन्होंने अपने छोटे भाई को भाजपा में भेजने के इस प्रयास के साथ यह जानने का भी तरीका अपनाया है कि कांग्रेसी खेमे के लोग किस हद तक इसका विरोध कर सकते हैं, यदि सब कुछ ठीक रहा तो हो सकता है कि मुकेश नायक भी भाजपा में शामिल हो जाएं।

 

Back to top button