कुक्षी में मासूम से दरिंदगी: 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म, 25 दिन बाद खुलासा
कुक्षी में मासूम से दरिंदगी: 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म, 25 दिन बाद खुलासा। मध्य प्रदेश के कुक्षी क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 6 वर्षीय मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला उजागर हुआ है। हैरानी की बात यह है कि 23 मार्च को हुई इस वारदात का खुलासा करीब 25 दिन बाद हुआ, जब बच्ची ने डर और धमकी के बीच आखिरकार अपने परिजनों को पूरी घटना बताई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित बच्ची को बहला-फुसलाकर छत पर ले गया और उसके साथ गलत कृत्य किया। घटना के बाद उसने बच्ची को जान से मारने की धमकी दी, जिससे वह लंबे समय तक सहमी रही और किसी को कुछ नहीं बता सकी।
17 अप्रैल को जब बच्ची ने हिम्मत जुटाकर अपने स्वजन को घटना की जानकारी दी, तो परिजन तुरंत थाने पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए धार के महिला थाने में तत्काल केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सीएसपी के अनुसार, आरोपित के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ POCSO Act और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है।

