COVID 19: शब-ऐ-बारात को लेकर दिल्ली पुलिस का फरमान, घर में ही रहें नहीं तो…
नई दिल्ली. कोरोना (Corona) के संक्रमण को रोकने के लिए अब दिल्ली पुलिस सख्ती बरत रही है. बिना किसी काम के घरों से बाहर निकलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. साथ ही लॉकडाउन के चलते हर तरह के आयोजनों पर रोक लगा दी गई है. अब 8 और 9 अप्रैल को शब-ऐ-बारात को लेकर दिल्ली पुलिस ने चेतावनी जारी की है. दिल्ली पुलिस ने कहा है कि शब-ऐ-बारात पर कोई भी अपने घरों से बाहर न निकले और किसी भी तरह का कोई आयोजन न किया जाए. यदि किसी ने लॉकडाउन का उल्लंघन किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी. दिल्ली पुलिस ने इसको लेकर एक ट्वीट भी जारी किया है
मरकज के आयोजन से हुए हालात गंभीर
निजामुद्दीन में हुए धार्मिक आयोजन मरकज के बाद देशभर में तेजी से कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या बढ़ी है. दरअसल दुनिया भर से मरकज में तबलीगी जमात के लोग शामिल हुए थे. जिसके बाद ये देशभर में गए थे. इसके चलते कई शहरों में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैला. गौरतलब है कि कई देशों और भारत के अलग अलग राज्यों से इस आयोजन में हजारों की संख्या में तबलीगी समाज के लोग आए थे
दिल्ली में 503 हुए पीड़ित
वहीं दिल्ली में रविवार को कोरोना पीड़ितों की संख्या बढ़ कर 503 हो गई. वहीं संक्रमण से मरने वालों की संख्या 7 हो गई है. सरकार के अनुसार रविवार को एक ही दिन में राधानी में 58 नए मामले दर्ज किए गए हैं और एक शख्स की मौत हुई है. इन मामलों में 320 वे लोग भी शामिल हैं जिन्होंने पिछले महीने निजामुद्दीन में आयोजित धार्मिक सम्मेलन में हिस्सा लिया था. कुल मामलों में से 18 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और एक व्यक्ति विदेश चला गया है
24 घंटे में 600 नए मामले
वहीं देशभर की बात की जाए तो पिछले 24 घंटे में तेजी से कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या में इजाफा हुआ है. जानकारी के अनुसार एक दिन में 600 नए मामले सामने आए हैं. इसके बाद संक्रमित मरीजों की संख्या 4000 को पार कर गई है. वहीं कोरोना से मरने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है और सोमवार तक 109 लोगों की मौत हो गई है. वहीं वैश्विक आंकड़ाें पर नजर डाली जाए तो कोरोना वायरस से दुनिया में 69,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. अमेरिका में भी कोरोना से तबाही मची हुई है. अमेरिका में मौत का आंकड़ा 10 हजार के पास पहुंचने वाला है. इटली में अबतक सबसे ज्यादा मौत हुई है और आंकड़ा 15,000 के पार पहुंच चुका है








