COVID-19 को लेकर दिग्विजय सिंह ने PM नरेंद्र मोदी पर किया हमला, पूछा यह सवाल

नई दिल्ली. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस (Congress) के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narednra Modi) पर हमला बोला है. सिंह का मानना है कि पीएम मोदी खुद को मजबूत निर्णय लेने वाला नेता साबित करना चाहते हैं. इसके लिए वो पहले निर्णय लेते हैं और उसके बाद परिणाम के बारे में सोचते हैं. सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने नोटबंदी, जीएसटी और अब नेशनल लॉकडाउन (National Lockodown) लागू कर ये साबित किया है. दिग्विजय सिंह ने अपने ट्वीट में कहा कि कोरोना का पहला मामला सामने आने के बाद भी पीएम ने 31 जनवरी के बाद इस पर किसी भी तरह की कोई एक्शन नहीं लिया. इसके 40 से 50 दिन के बाद उन्होंने इस पर कार्रवाई शुरू की.
दरअसल, लॉकडाउन लागू होने के बाद से ही कांग्रेस के नेता पीएम नरेंद्र मोदी के इस निर्णय पर सवाल खड़ा कर रहे हैं. देश में कोरोना संकट के कारण पीएम ने लॉकडाउन लागू किया था. स्थिति नहीं संभलने के कारण लॉकडाउन का दो बार विस्तार किया जा चुका है. लॉकडाउन 3.0 के दौरान कई तरह की रियायत भी लोगों को सरकार की तरफ से दी गई है.
दिग्विजय का आरोप- मुख्यमंत्रियों से नहीं की लॉकडाउन पर चर्चा
अपने एक अन्य ट्वीट में दिग्विजय सिंह ने कहा कि हम (भारत) एक संघीय राष्ट्र हैं. पीएम मोदी पेज-3 की भीड़ के साथ बातचीत करने में व्यस्त थे, लेकिन राष्ट्रीय लॉकडाउन की अपनी योजनाओं पर चर्चा करने के लिए उनके पास राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत करने का समय नहीं था. उन्होंने कहा कि पीएम ने 20 मार्च को सीएम के साथ अपनी पहली बैठक की, लेकिन क्या उन्होंने नेशनल लॉकडाउन पर चर्चा की? जितनी मेरी जानकारी है उसके अनुसार नहीं.
कोरोना संक्रमितों की संख्या पहुंची 70 हजार के पार
आपको बता दें कि देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ी है. अब यह संख्या बढ़कर 70,756 हो चुकी है. इस संबंध में मंगलवार को आंकड़ा जारी किया. इन आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक Covid-19 से 2293 लोगों की मौत हो चुकी है. इसके अलावा अब भी 46,008 एक्टिव केस मौजूद हैं. स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (MOHFW) ने जानकारी दी है कि अब तक 22,454 इस संक्रमण के बाहर आ चुके हैं. इसके अलावा एक मरीज विदेश चला गया. कोरोना के सभी मामलों में 111 केस विदेश के हैं. जानकारी मिली है कि इसी दिन देश में 31 फीसदी लोग कोरोना से रिकवर हो चुका है.








