katniमध्यप्रदेश

केसीएस विद्यालय व ई-लाइब्रेरी का निगमायुक्त ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर,विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश, ई-लाइब्रेरी जल्द शुरू करने पर बल

केसीएस विद्यालय व ई-लाइब्रेरी का निगमायुक्त ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर,विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश, ई-लाइब्रेरी जल्द शुरू करने पर ब

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी की निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने बुधवार को केसीएस विद्यालय एवं निर्माणाधीन ई-लाइब्रेरी का निरीक्षण कर विद्यालयों में चल रहे उन्नयन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने विद्यालय परिसर में कक्षाओं की पुट्टी, रंगाई-पुताई, विद्युत फिटिंग, फ्लोर टाइल्स, खेल मैदान, मंच तथा शिक्षकों एवं छात्राओं के लिए बनाए जा रहे शौचालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

छात्राओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगमायुक्त ने केसीएस कन्या शाला और निर्माणाधीन ई-लाइब्रेरी के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए जाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

ई-लाइब्रेरी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने शेष निर्माण कार्य एवं फर्नीचर व्यवस्था शीघ्र पूरी कर इसे विद्यार्थियों के लिए जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-लाइब्रेरी शुरू होने से विद्यार्थियों को डिजिटल अध्ययन सामग्री, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा अन्य ज्ञानवर्धक संसाधनों तक आसान पहुंच मिलेगी, जिससे उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता और तकनीकी दक्षता में वृद्धि होगी।

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। इसी लक्ष्य के तहत निगम के विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार एवं उन्नयन कार्य प्राथमिकता के साथ कराए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, नोडल अधिकारी आदेश जैन, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी, शाला प्राचार्य रूप भास्कर, शिक्षक रिजवान हसन खान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button