Latest

Coronavirus Lockdown: सोमवार को लॉकडाउन को लेकर मुख्यमंत्रियों से चर्चा करेंगे पीएम मोदी

देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए पहले 14 अप्रैल तक लागू इस लॉकडाउन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन मई तक के लिए बढ़ा दिया था। बता दें कि केंद्र के इस फैसले से पहले ही कई राज्यों ने अपने-अपने यहां लॉकडाउन की अवधि 30 अप्रैल तक बढ़ा दी थी। इस वार्ता में लॉकडाउन के मद्देनजर चर्चा हो सकती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अप्रैल को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से वार्ता करेंगे। माना जा रहा है कि यह वार्ता पूरे देश में जारी लॉकडाउन के संबंध में हो सकती है। कोरोना वायरस पर नियंत्रण पाने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन लागू है जो तीन मई को समाप्त होगा।

माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री इस वार्ता में सभी मुख्यमंत्रियों से उनके यहां कोरोना वायरस के प्रसार की वस्तुस्थिति जानेंगे। यह वार्ता यह जानने में भी अहम होगी कि क्या लॉकडाउन की अवधि और आगे बढ़ाई जाएगी। जनता के मन में इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

24 को पंचायती राज दिवस, संबोधित करेंगे पीएम

वहीं, पंचायती राज मंत्रालय ने बताया है कि 24 मार्च को राष्ट्रीय पंचायची राज जिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की विभिन्न ग्राम पंचायतों को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संबोधित करेंगे।

देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1486 नए मामले सामने आए हैं और 49 लोगों की मौत हुई है।

मंत्रालय के मुताबिक देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 20,471 हो गई है, जिसमें 15,859 मामले सक्रिय हैं। इसके अलावा 3959 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं इस महामारी की वजह से देशभर में अब तक 652 लोगों की जान जा चुकी है।

Back to top button