Monday, April 6, 2026
Latest:
Coronaमध्यप्रदेश

Coronavirus Indore News : डीआईजी ऑफिस का हेड कांस्टेबल भी पॉजिटिव, अफसरों में हड़कंप

इंदौर। Coronavirus Indore News : शहर की छोटी-बड़ी कॉलोनियों से फैलता हुआ जानलेवा कोरोना पुलिस विभाग में पहुंच चुका है। टीआई व आईपीएस अफसर में कोरोना की पुष्टि होने के बाद डीआईजी ऑफिस की रीडर शाखा में पदस्थ हेड कांस्टेबल की रिपोर्ट भी सोमवार को पॉजिटिव आई।

कई अफसर-कर्मचारी ऑफिस नहीं आए

सोमवार को कई अफसर-कर्मचारी ऑफिस नहीं आए। संक्रमित पाया गया 55 वर्षीय हेड कांस्टेबल मूलतः देवास निवासी है। आठ दिन से मामूली तबीयत खराब होने पर अफसरों ने उसे आराम की सलाह देते हुए छुट्टी पर भेज दिया था। कोरोना के लक्षण दिखने पर उसकी जांच करवाई गई थी।

उन अफसर व कर्मचारियों में डर है जो हेड कांस्टेबल के संपर्क में थे

कोरोना की पुष्टि के बाद उन अफसर व कर्मचारियों में डर है जो हेड कांस्टेबल के संपर्क में थे। हेड कांस्टेबल फाइलें व रजिस्टर साइन के लिए साथियों व अफसरों के पास भिजवाता था। इससे अफसरों में भी संक्रमण का खतरा मंडराने लगा है।

रीडर शाखा के आठ पुलिसकर्मियों की जांच करवाई

सोमवार को डीआईजी हरिनारायणचारी मिश्र ने स्वास्थ्य विभाग को सूचित कर रीडर शाखा के आठ पुलिसकर्मियों की जांच करवाई।

राजेंद्र नगर,चंदन नगर, द्वारकापुरी, अन्नपूर्णा थाने के टीआई की भी जांच

इधर, रासुका के आरोपितों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद राजेंद्र नगर,चंदन नगर, द्वारकापुरी, अन्नपूर्णा थाने के टीआई भी सेहत की जांच करवा रहे हैं। ये सभी टीआई आरोपितों को पकड़ने, पूछताछ करने में शामिल थे। छत्रीपुरा थाने के पूर्व व वर्तमान टीआई भी अपनी जांच करवा रहे हैं। इनके साथ रहने वाले ड्राइवर, पुलिसकर्मी व एसआई ने भी सैंपल दिए हैं।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम