Corona Live Update-Mask Ghotala : अशोक नगर में मास्क खरीदी घोटाला विधायक नाराज, CMHO पर लगे यह आरोप
भोपाल। मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए खरीदे गए मास्क, सैनिटाइजर और अन्य सामग्री की खरीदी में घोटाले का आरोप लगा है। सामग्री खरीदने के लिए विधायक निधि से फंड जारी करने वाले विधायक गोपाल सिंह चौहान ने CMHO पर घटिया सामग्री खरीदने का आरोप लगाया है।
ईसागढ़ अस्पताल में घटिया सामग्री देखकर विधायक भड़क गए
चंदेरी विधायक गोपाल सिंह चौहान ने कोरोना आपदा के दौरान विधायक निधि से 10 लाख रुपए तीनों विधानसभा क्षेत्र में दिए हैं। यह राशि मास्क, सैनिटाइजर और अन्य मेडिकल सामग्री खरीदने के लिए दी गई है। बुधवार को जब ईसागढ़ अस्पताल में इस राशि से आए मास्क देखे तो उसकी क्वालिटी देखकर भड़क गए। इसके बाद सीएमएचओ को मौके से ही फोन लगाकर कहा कि भगवान से डरो सीएमएचओ साहब, ये जनता का पैसा है। जो राशि दी है उसकी मालिक जनता है। जनता के पैसे पर आपकी मनमर्जी नहीं चलेगी।
विधायक निधि का पैसा किसी के बाप का नहीं है कि कुछ भी खरीद लो
जिस समय ईसागढ़ अस्पताल से विधायक सीएमएचओ डॉ. जेआर त्रिवेदिया से बातचीत कर रहे थे उसी समय किसी ने वीडियो बना लिया जिसमें वे सीएमएचओ को सीधे लहजों में खरी खोटी सुनाते हुए दिख रहे हैं। सीएमएचओ से बातचीत करने में विधायक चौहान बोल रहे हैं कि जो पैसा उन्होंने दिया है वह किसी के बाप का नहीं है कि उससे कुछ भी खरीद लो। विधायक का कहना है कि जो चाहेंगे वो सामान आपको भेजना पड़ेगा। आपने जो घटिया मास्क भेजा है वह दो घंटे में खराब हो जाएगा।

