मध्यप्रदेशराष्ट्रीय

Corona का खौफ : केरल में होम क्वारंटीन से भागे आईएएस अधिकारी सस्पेंड

केरल में 14 दिन के होम क्वारंटीन से भागकर अपने घर यूपी स्थित सुल्तानपुर पहुंचे 2016 बैच के केरल काडर के आईएएस अधिकारी अनुपम मिश्र को निलंबित कर दिया गया है। मामला भी दर्ज किया गया है। साथ ही बिना बताए राज्य छोड़ने पर केरल सरकार ने उनसे जवाब मांगा है। वहीं, सुल्तानपुर में उन्हें परिवार के साथ क्वारंटीन किया गया है। अनुपम हाल ही में सिंगापुर से हनीमून मनाकर लौटे थे।
कोल्लम के एसपी टी नारायणन ने बताया कि 19 मार्च को होम क्वारंटीन में रखे गए मिश्रा राज्य सरकार को सूचना दिए बिना चुपचाप अपने घर कानपुर पहुंच गए। इस मामले की जानकारी सामने आने के बाद केरल पुलिस ने कोल्लम के उप-जिलाधिकारी अनुपम मिश्रा के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किए हैं। वहीं, शुक्रवार देर शाम मुख्यमंत्री पी. विजयन ने दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पर उन्हें निलंबित कर दिया।

दूसरी ओर, आईएएस अधिकारी के कानपुर में होने पर यूपी पुलिस हरकत में आ गई। कई घंटे तक पुलिस चकरघिन्नी बनी रही। आखिर में सर्विलांस ने आईएएस की लोकेशन सुल्तानपुर में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। जांच के बाद आईएएस अधिकारी और उनके परिवारीजनों को घर में ही क्वारंटीन किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने आईएएस अधिकारी अनुपम मिश्र समेत पूरे परिवार की शुक्रवार को जांच की। इसके बाद आईएएस अधिकारी और उनके परिवारीजनों को एहतियातन घर में क्वारंटीन कर दिया गया। सीएमओ डॉ. चंद्रभूषण नाथ त्रिपाठी के अनुसार, आईएएस अफसर 20 मार्च को सुल्तानपुर स्थित अपने आवास पर आ गए थे। फिलहाल किसी को कोई स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत नहीं है।

Back to top button