इंदौर में शराब तस्करी का आरोपी ठेकेदार बंटी यादव गिरफ्तार, लग्जरी बसों और ट्रकों से गुजरात भेजी जा रही थी शराब
इंदौर। इंदौर की चंदन नगर पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में ठेकेदार सिद्धार्थ उर्फ बंटी यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि वह ठेके की आड़ में लग्जरी बसों और ट्रकों के जरिए गुजरात शराब भेज रहा था। बंटी पूर्व पार्षद बंते यादव का बेटा बताया गया है।
कंचनबाग की दुकान से जुड़े तार, पहले भी हो चुकी गिरफ्तारियां पुलिस के अनुसार, कुछ समय पहले सागर सालट, सुनील वसूनिया और रतन प्रजापत को गुजरात जाने वाली बस से शराब की पेटियां ले जाते हुए पकड़ा गया था। पूछताछ में सामने आया कि शराब कंचनबाग स्थित दुकान से लाई गई थी। बताया गया कि दुकान का लाइसेंस आदित्य शिवहरे के नाम पर है, लेकिन उसका संचालन बंटी यादव करता है। इस मामले में पुलिस पहले ही मैनेजर विनोद और अजीत सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है, जिन्होंने पूछताछ में बंटी की संलिप्तता बताई थी।
गाड़ियां बदल रहा था आरोपी, लैंटर्न चौराहे से दबोचा गया गिरफ्तारी से बचने के लिए बंटी फरार हो गया था और उसने अग्रिम जमानत के लिए अर्जी भी लगाई थी, जिसका पुलिस ने विरोध किया। जांच के दौरान उसकी लोकेशन राजस्थान और हरियाणा में मिली। चंदन नगर टीआई वेदेंद्र सिंह कुशवाह के मुताबिक, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार गाड़ियां बदल रहा था। शुक्रवार को जिला कोर्ट में सरेंडर करने की सूचना मिलने पर पुलिस ने तुकोगंज क्षेत्र के लैंटर्न चौराहे से उसे पकड़ लिया।
55 लाख की शराब जब्ती मामले में भी जांच कनाड़िया पुलिस भी बायपास से 55 लाख रुपये की शराब जब्त करने के मामले में बंटी यादव की भूमिका की जांच कर रही है। यह शराब ट्रक के माध्यम से गुजरात भेजी जा रही थी और पूछताछ में एक आरोपी ने बंटी का नाम लिया था। इस मामले में कनाड़िया टीआई तिलक करोले ने उसे नोटिस जारी किया है।












