गुरदासपुर में निशान साहिब हटाने के मामले में NHRC सख्त, पंजाब के मुख्य सचिव और DGP से 2 सप्ताह में मांगी रिपोर्ट
नई दिल्ली / गुरदासपुर। पंजाब के गुरदासपुर जिले में निशान साहिब हटाए जाने की घटना पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने संज्ञान लिया है। आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने कादियां के डल्लामोर गांव से जुड़ी शिकायत पर सुनवाई करते हुए पंजाब के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) को मामले की जांच कर दो सप्ताह के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) पेश करने का निर्देश दिया है।
पंजाब के गुरदासपुर में ब्लैक आउट, तीन सीमावर्ती जिलों के लोगों को बंकरों में भेजा
दान की गई जमीन पर स्थापित किया गया था निशान साहिब शिकायत के अनुसार, एक स्थानीय किसान ने गुरुद्वारा लंगर हॉल के निर्माण के लिए अपनी 10 मरला निजी जमीन दान दी थी, जिस पर सिख संगत ने परंपरा और गुरमत मर्यादा के अनुसार निशान साहिब स्थापित किया था। आरोप है कि बाद में विरोधी गुट के कुछ लोगों ने राजनीतिक समर्थन और सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग के जरिए निशान साहिब हटवा दिया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। NHRC ने प्रथम दृष्टया मानवाधिकार उल्लंघन से जुड़े आरोपों को देखते हुए मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 12 के तहत संज्ञान लिया है।
अनुमति के आदेश और कार्रवाई का ब्योरा तलब आयोग ने पंजाब सरकार के अधिकारियों से यह स्पष्ट करने को कहा है कि निशान साहिब हटाने की अनुमति किस सक्षम अधिकारी ने दी और इससे जुड़े आदेश या आवेदन की प्रमाणित प्रति प्रस्तुत की जाए। यदि कोई आदेश जारी नहीं हुआ था, तो यह भी बताना होगा कि सरकारी मशीनरी का उपयोग किस आधार पर किया गया और अब तक क्या कदम उठाए गए। NHRC ने निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारी तय करने, भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने और धार्मिक प्रतीकों व आस्था की स्वतंत्रता का सम्मान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।












