अटेर से कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने मध्यप्रदेश विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा दिया

भोपाल। अटेर से कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने मध्यप्रदेश विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना पत्र कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजते हुए परिवार और क्षेत्र की जनता को समय न दे पाने को कारण बताया। कटारे ने कहा कि पार्टी जिसे भी जिम्मेदारी देगी, वे पूरा सहयोग करेंगे
उनके इस्तीफे से एमपी कांग्रेस में हड़कंप मच गया है. एमपी कांग्रेस ने एक बयान में बताया कि कटारे ने इस्तीफा कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार को सौंपा है.
इस संबंध में संगठन महासचिव डॉ संजय कामले ने जानकारी देते हुए कहा कि हेमंत कटारे ने अपने इस्तीफे में पारिवारिक दायित्वों एवं समय की कमी का उल्लेख किया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि वर्तमान परिस्थितियों में वे अपने विधानसभा क्षेत्र को अपेक्षित समय और ध्यान नहीं दे पा रहे थे, इसी कारण उन्होंने उप नेता प्रतिपक्ष के पद से त्यागपत्र दिया है.
वे कांग्रेस के साथ थे, हैं और रहेंगे
कामले ने यह भी स्पष्ट किया कि हेमंत कटारे का यह इस्तीफा केवल पद से संबंधित है, न कि पार्टी की सदस्यता से. वे कांग्रेस पार्टी के साथ थे, हैं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के साथ रहेंगे.
मैरिज एनिवर्सरी के दिन दिया इस्तीफा
हेमंत कटारे की आज मैरिज एनिवर्सरी है। वे शाम करीब 4 बजे तक विधानसभा की कार्यवाही में मौजूद रहे थे, फिर अचानक बाहर आ गए।
20 हजार से अधिक वोटों से जीते थे
विधानसभा चुनाव 2023 में हेमंत कटारे ने बीजेपी से पूर्व मंत्री रहे अरविंद भदौरिया को 20228 वोटों से हराया था। वे पूर्व नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के बेटे हैं।








