katniमध्यप्रदेश

आदिवासियों पर अत्याचार के खिलाफ कांग्रेस का चक्का जाम, न्याय की मांग

कटनी: आदिवासियों पर अत्याचार के खिलाफ कांग्रेस का चक्का जाम, न्याय की मां

कटनी: कटनी जिले के बड़वारा थाना तिराहे पर आज सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार और दुर्व्यवहार के खिलाफ विशाल चक्का जाम कर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बड़वारा थाना क्षेत्र में आदिवासियों के साथ हुई घटनाओं के दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और नियम विरुद्ध संचालित खदानों को बंद करने की मांग की।
प्रदर्शनकारी ओंकार सिंह ने बताया कि भादावार ग्राम में कई खदानें अवैध रूप से संचालित हैं, जिनसे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन खदानों में होने वाली ब्लास्टिंग के दौरान पत्थर ग्रामीणों के घरों तक पहुंचते हैं। जब आदिवासी इसका विरोध करते हैं, तो उन पर उल्टे मामले दर्ज कर दिए जाते हैं, और खदान संचालक पुलिस की मौजूदगी में भी उन्हें भद्दी गालियां देते हैं।
ओंकार सिंह ने आगे बताया कि इसी जगह पर खदान संचालकों की लापरवाही के कारण पूर्व में दो आदिवासी बच्चों और एक महिला की मौत हो चुकी है, लेकिन आज तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है और न ही पीड़ितों को कोई उचित मुआवजा मिला है। भदावार ग्राम में नियम विरुद्ध संचालित इन खदानों को तत्काल बंद किया जाए।
धरने पर बैठे युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल और कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष विकास निगम, साथ ही राघवेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि आदिवासियों के साथ हो रहे इस अन्याय और अत्याचार के खिलाफ उनका विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं हो जातीं।
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल बड़ी संख्या में तैनात है।

Rohit Sen

15 वर्षों से प्रिंट एवं डिजीटल मीडिया में कार्य का अनुभव वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में जिला प्रतिनिधि