दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण बनी अनुकंपा नियुक्ति महापौर प्रीति संजीव सूरी ने तीन आश्रितों को सौंपे नियुक्ति आदेश, परिवारों को मिला आत्मनिर्भरता का संबल,निगमायुक्त की नियमित समीक्षा से अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों को मिल रही गति
कटनी। किसी अपने को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। विशेषकर उस समय, जब परिवार का वह सदस्य भी साथ छोड़ जाए, जो उसकी आर्थिक जिम्मेदारियों का आधार रहा हो। ऐसे कठिन समय में शासन की संवेदनशील पहल केवल एक नौकरी नहीं देती, बल्कि प्रभावित परिवारों को जीवन को नए सिरे से संवारने का अवसर और भविष्य के प्रति भरोसा भी देती है। इसी मानवीय सोच को साकार करते हुए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने बुधवार को सेवाकाल के दौरान दिवंगत हुए शासकीय कर्मचारियों के तीन आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति के आदेश प्रदान किए।
नियुक्ति आदेश हाथों में आते ही आश्रितों और उनके परिजनों के चेहरों पर राहत, संतोष और आत्मविश्वास की झलक दिखाई दी।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति शासन की उस संवेदनशील व्यवस्था का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सेवाकाल में कर्मचारी की असामयिक मृत्यु के बाद उसके परिवार को आर्थिक संकट से उबारते हुए सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने नियुक्ति प्राप्त आश्रितों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपनी नई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करें तथा अपने परिवार के साथ-साथ शासकीय सेवा के दायित्वों को भी पूरी गंभीरता से निभाएं।
*तीन परिवारों को मिला रोजगार और भविष्य का भरोसा*
अनुकंपा नियुक्ति के तहत स्वर्गीय श्री रविशंकर रैकवार, जो नगर पालिक निगम कटनी में भृत्य के पद पर कार्यरत थे, के पुत्र श्री अमित रैकवार को नगर निगम कार्यालय कटनी में सहायक ग्रेड-3 के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई।
इसी प्रकार नगर निगम कार्यालय में स्वास्थ्य शाखा में सफाई संरक्षक के पद पर पदस्थ रहे स्वर्गीय श्री मोहन पिता श्री बिलोंची की पुत्री सुश्री स्नेहा अर्खेल की सफाई संरक्षक के चतुर्थ श्रेणी के पद पर
तथा स्वर्गीय श्रीमती मायाबाई पति गणेश कुमार के पुत्र श्री अजय कुमार डुमार को भी सफाई संरक्षक के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है।
*नियमित समीक्षा से लंबित प्रकरणों को मिल रही गति*
उल्लेखनीय है कि निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा निगम कार्यालय में लंबित अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाली समय-सीमा बैठक में इन प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जा रही है। प्रकरणों की स्थिति, आवश्यक कार्यवाही एवं लंबित बिंदुओं की समीक्षा के फलस्वरूप अनुकंपा नियुक्ति के मामलों के निराकरण में गति के फलस्वरूप लंबे समय से परिवारों के सामने बनी अनिश्चितता के बीच यह नियुक्ति उनके लिए रोजगार का अवसर ही नहीं, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होकर परिवार की जिम्मेदारियों को संभालने की नई शुरुआत बनी।
अनुकंपा नियुक्ति के माध्यम से मिले ये नियुक्ति आदेश उन परिवारों के लिए शासन और प्रशासन की संवेदनशीलता का संदेश हैं, जिन्होंने अपने प्रियजन को खोया है—एक ऐसा संबल, जो कठिन समय में हाथ थामकर उन्हें फिर से आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ने का अवसर देता है।





















