Monday, April 6, 2026
Latest:
Latest

ढीमरखेड़ा में कलेक्टर की जनसुनवाई, 104 आवेदकों की समस्याएं सुनीं, दिया शीघ्र निवारण का आश्वासन

कटनी– जिला कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने मंगलवार को ढीमरखेड़ा में आयोजित जनसुनवाई के दौरान 104 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए त्वरित निर्देश जारी किए। इस जनसुनवाई में राजस्व, पंचायत, ग्रामीण विकास, बिजली, और निर्माण कार्यों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निवारण के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत सीईओ श्री शिशिर गेमावत समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

साइबर क्राइम की शिकायत पर कार्यवाही


जनसुनवाई के दौरान उमरियापान निवासी राजेश कुमार गुप्ता ने 3.50 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने रखा। राजेश के मुताबिक, तीन मोबाइल नंबरों से कॉल कर उन्हें इफको कंपनी का प्रतिनिधि बताकर खाद-बीज सप्लाई के लिए डीलरशिप देने का झांसा दिया गया। कलेक्टर ने तुरंत संबंधित थाना प्रभारी को साइबर क्राइम के तहत जांच और कार्यवाही के निर्देश दिए।

अतिक्रमण हटाने के निर्देश


ग्राम सनकुई के निवासियों ने शासकीय वनभूमि और चरनोई भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिससे गांव के पशुओं के लिए चराई की जगह नहीं बची है। कलेक्टर श्री यादव ने तहसीलदार ढीमरखेड़ा को अतिक्रमण की जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के तहत शिकायत


ग्राम नेगई सिलौंडी के संतोष साहू ने प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के तहत मकान का पट्टा न मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनके मकान का रिकॉर्ड पड़ोसी के नाम दर्ज कर दिया गया है। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम ढीमरखेड़ा को मामले की जांच और समाधान के निर्देश दिए।

गौशाला के लिए भूमि आवंटन


जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा की अध्यक्ष सुनीता संतोष दुबे ने उमरियापान क्षेत्र में गौशाला की कमी का मुद्दा उठाया। मंगेली गांव में गौशाला निर्माण के लिए भूमि आवंटन की मांग की गई। कलेक्टर ने एसडीएम ढीमरखेड़ा को भूमि की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

संवेदनशील प्रशासन की पहल


कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव के नेतृत्व में जिले में जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच संवाद को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे समस्याओं का समाधान शीघ्र और पारदर्शी ढंग से हो रहा है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम