katniमध्यप्रदेश

जिला अस्पताल में अव्यवस्था का बोलबाला, बंद पड़े सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे, मरीजों को समय से नहीं मिलता इलाज, समय से नहीं पहुंचते हैं चिकित्सक

जिला अस्पताल में अव्यवस्था का बोलबाला, बंद पड़े सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे, मरीजों को समय से नहीं मिलता इलाज, समय से नहीं पहुंचते हैं चिकित्सक

कटनी। शासन प्रशासन की लाख कोशिशों के बावजूद जिला अस्पताल की व्यवस्थाएं पटरी पर आने का नाम नहीं ले रही हैं। हालात ये हैं कि जिला अस्पताल कटनी में अव्यवस्था का बोलबाला है। चिकित्सक मनमाने समय पर अस्पताल पहुंचते हैं और मरीजों को बाहर की दवाएं जरूर लिखते हैं। वहीं मरीजों को ह्वील चेयर तक नसीब नहीं होता है और अस्पताल में गंदगी का बोलबाला बना रहता है। इतना ही नहीं यहां मरीजों की सुरक्षा के लिए जगह-जगह लगाए गए अधिकांश सीसीटीवी कैमरे भी बंद पड़े है। खासकर जिला अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगा सीसीटीवी कैमरा पिछले काफी समय से बंद है तथा पुलिस की ओर से कई बार कैमरे चालू करने के लिए भी कहा गया है लेकिन अस्पताल प्रबंधन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। कहने को तो जिला अस्पताल में सब कुछ व्यवस्थाएं चुस्त दुरुस्त हैं लेकिन अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को चिकित्सीय सुविधाएं मिलना कठिन होता जा रहा है। एक तो चिकित्सक सुबह समस से नहीं पहुंचते हैं। जब इच्छा हुई तो आए और फिर चले गए। इससे ओपीडी में मरीजों की भीड़ लग जाती है। चिकित्सक कब आए और कब चले गए इसकी जानकारी देने वाला भी कोई नहीं मिलता है। एक बजे के बाद तो अधिकांश चिकित्सकों की कुर्सियां खाली हो जाती हैं। यहां तक कि मरीजों को यह बताने वाला भी कोई नहीं मिला कि डाक्टर साहब कब आए और कब चले गए। सूत्र बताते हैं कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अस्पताल की ओर देखने तक नहीं आते हैं। इससे कर्मी मनमाना रवैया अपनाते हैं। ओपीडी में मरीजों को देखने वाले चिकित्सक अस्पताल की पर्ची के साथ एक अलग पर्ची थमा देते हैं। जिसमें बाहर की दवाएं लिखी होती हैं। कुछ चिकित्सक तो ऐसे भी हैं जो मरीजों को केवल बाहर की ही दवा लिखते हैं।
गंदगी के कारण मरीज रहते हैं परेशान
अस्पताल में गंदगी का बोलबाला बना रहता है। वार्डों में समय से सफाई नहीं की जाती है और वार्डों में गंदगी ही गंदगी फैली रहती है। वार्डों के बाहर भी कई जगह गंदा पानी भरा रहता है जो अच्छे भले लोगों को मरीज बना देता है जबकि वार्डो और उसके आसपास अच्छी सफाई की जरूरत होती है। सुबह समय से अस्पताल में सफाई नहीं होती है।

Back to top button