CBSE का बड़ा फैसला: 8वीं तक के बच्चों को मिलेगा जनरल प्रमोशन, 9वीं, 11वीं भी जाएंगे अगली कक्षा में
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बड़ा फैसला करते हुए पहली कक्षा से 8वीं तक के बच्चों को जनरल प्रमोशन देने का फैसला किया है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने इसे लेकर सभी स्कूलों को निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि इन बच्चों को अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा। मंत्रालय ने इसके अलावा कक्षा 9वीं और 11वीं कक्षा का परिणाम स्टूडेंट्स को इंटरनल एग्जाम, प्रोजेक्ट, असेसमेंट टेस्ट के आधार पर जारी करने के आदेश दिए हैं।
बता दें कि बोर्ड ने CBSE बोर्ड ने कोरोनो वायरस के कारण बनीं मौजूदा स्थिति और लॉकडाउन को देखते हुए ये फैसला किया। इसके तहत अब पहली कक्षा से 8वीं कक्षा के सभी छात्रों को अगली क्लास में प्रमोट किया जाएगा। इसे लेकर मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने ट्वीट भी किया है। साथ ही मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा भी जनरल प्रमोशन को लेकर ट्वीट किया है।
मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल ने शिक्षा सचिव अमित खरे के नेतृत्व में बैठक के बाद ये फैसला लिया। अपने ट्वीट में मंत्री ने कहा- कोरोना के कारण हमने ये फैसला किया है कि पहली कक्षा से 8वीं कक्षा तक पढ़ने वाले सभी छात्रों को अगली कक्षा प्रमोट किया जाए। वहीं 9वीं और 11वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं का रिजल्ट इंटरनल असेसमेंट, प्रोजेक्ट, पीरियड टेस्ट और इंटरनल एग्जाम के आधार पर तैयार किया जाएगा और उन्हें भी अगली क्लास में प्रमोट किया जाएगा। मौजूदा स्थिति को देखते हुए हमने CBSE बोर्ड को ये सलाह दी थी और बोर्ड ने इस पर सहमति जताई।

