
नेशनल डेस्क। मेघालय की अंपति और कर्नाटक की राजराजेश्वरी नगर सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है. वहीं बिहार की जोकीहाट सीट पर लालू यादव की पार्टी आरजेडी जीत गई है. यूपी की नूरपुर विधानसभा सीट पर सपा प्रत्याशी ने जीत हासिल की है. कैराना लोकसभा सीट पर आरएलडी-सपा कैंडिडेट तबस्सुम हसन बीजेपी कैंडिडेट मृगांका सिंह को कड़ी टक्कर दे रही हैं.
उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और नगालैंड की 4 लोकसभा सीटों तथा 10 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए वोटों के नतीजे आ रहे हैं. कैराना के अलावा महाराष्ट्र की पालघर, भंडारा-गोंदिया और नगालैंड की एकमात्र लोकसभा सीटों के लिए वोटिंग हुई थी. इसके साथ ही 10 विधानसभा सीटों नूरपुर (यूपी), महेश्तला (प.बंगाल), अंपति (मेघालय), थरली (उत्तराखंड), चेंगनूर, (केरल), जोकीहाट (बिहार), गोमिया (झारखंड), सिल्ली (झारखंड), सहकोट (पंजाब), पालस-काडेगांव (महाराष्ट्र) के लिए भी मतदान हुए थे. वहीं, कर्नाटक की आरआरनगर विधानसभा सीट पर भी चुनाव हुए.
मतदान के दौरान कई बूथों पर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों में गड़बड़ी की खबरें सामने आई. इसके बाद चुनाव आयोग ने कैराना की 73, महाराष्ट्र के भंडारा-गोंदिया के 49 और नगालैंड के एक बूथ पर 30 मर्इ को पुनर्मतदान कराया. इन सभी सीटों के नतीजे आज आने हैं.
यूपी की कैराना लोकसभा सीट काफी अहम मानी जा रही है. ये सीट बीजेपी सांसद हुकुम सिंह के निधन से खाली हुई थी. अब यहां जीत के लिए मुकाबला कैराना के दो परिवारों- हुकुम सिंह और अख्तर हसन के बीच है. एक तरफ हुकुम सिंह की बेटी मृगांका सिंह बीजेपी की टिकट पर चुनावी मैदान में हैं. दूसरी तरफ दिवंगत सांसद मुनव्वर हसन की पत्नी तबस्सुम हसन आरएलडी के चुनाव चिह्न पर सपा-बसपा-कांग्रेस-आरएलडी गठजोड़ की साझा उम्मीदवार हैं.








