Wednesday, May 13, 2026
Latest:
Latest

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर का जगह=जगह गर्मजोशी से स्वागत, जिला अध्यक्ष बनने भाजपा के युवा नेताओ ने किया शक्ति प्रदर्शन

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के नगर प्रवास के दौरान आज कटनी में भारी राजनीतिक गहमागहमी देखने को मिली। आगामी जिलाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर जिले के युवा नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष के सामने अपनी दावेदारी पेश करते हुए जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन किया। जबलपुर से आगमन के बाद जैसे ही श्याम टेलर का काफिला कलेक्ट्रेट पहुंचा, वहां माधवनगर मंडल अध्यक्ष हर्ष पांडे ने अपने समर्थकों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।

इसके बाद स्वागत का यह सिलसिला शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों तक जारी रहा। मिशन चौक में युवा नेता देवांश आनंद श्रीवास्तव, नदीपार में भाजयुमो प्रदेश कार्य समिति सदस्य दिलराज सिंह और बस स्टैंड पर शुभ प्रकाश व कुशल प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया। सबसे अधिक भीड़ आजाद चौक में देखने को मिली, जहां मुड़वारा मंडल अध्यक्ष पारस जैन ने भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपनी वजनदारी दिखाई।

माना जा रहा है कि जिलाध्यक्ष पद की घोषणा जल्द होने वाली है, जिसके चलते सभी दावेदारों ने अपनी ताकत झोंक दी है। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और युवा नेता मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत कर अपनी सक्रियता दर्ज कराई।

Vivek Shukla

28 वर्ष से पत्रकारिता, क्राइम रिपोर्टर के रूप में लंबा अनुभव डिजिटल मीडिया में सक्रिय, खबरों का फॉलोअप तथा उसकी तह तक जाना वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में उप संपादक