BJP-PDP गठबंधन टूटने पर विपक्ष हमलावर, कांग्रेस बोली

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में भाजपा और पीडीपी का गठबंधन टूटने के बाद सियासी भूचाल आ गया है। भाजपा के समर्थन वापसी के फैसले को विपक्षी दलों ने उसकी असफलता करार दिया है। विपक्षी दलों ने कहा है कि भाजपा अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है।

कांग्रेस ने भी इस फैसले को सही फैसला बताया है। कांग्रेस नेता गुलाम नबीं आजाद ने कहा कि पिछले सवा तीन सालों में कश्मीर को भाजपा गठबंधन की सरकार ने बर्बाद कर दिया है। राज्य विकास की पटरी से उतर गया है। इन सालों में सबसे ज्यादा संघर्ष विराम उल्लंघन हुआ है, आम लोग मारे गए हैं और घायल हुए हैं। आतंकी हमले बढ़े हैं।

उन्होंने कहा कि इन तीन सालों में कश्मीर को बर्बाद करने के बाद भाजपा पीडीपी के मत्थे आरोप मढ़कर भाग नहीं सकती। जब यह सरकार बनी थी तब हमने कहा था कि यह हिमालयन गलती होगी और हमारी बात सही साबित हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में भाजपा नेताओं ने जमकर भ्रष्टाचार किया और अब भाग रही है। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस और पीडीपी गंठबंधन से इन्कार किया है।

वहीं माकपा नेता सीताराम येचुरी ने कहा कि इस तरह के गठबंधन होने ही नहीं चाहिए। दोनों दलों के बीच कोई मेल नहीं था। भाजपा इस स्थिति में अपनी जिम्मेदारियों से नहीं भाग सकती। वहां सरकार द्वारा किए गए वादों को भाजपा सरकार पूरा करने में नाकाम रही है।

Exit mobile version