Wednesday, May 13, 2026
Latest:
Latest

भाजपा नेता देवेंद्र ठाकुर की मौत या सुनियोजित हत्या? स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, प्रत्यक्षदर्शियों का दावा-“शव पर बार-बार चढ़ाई गाड़ी”, जांच में जुटी SFL टीम

भाजपा नेता देवेंद्र ठाकुर की मौत या सुनियोजित हत्या? स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, प्रत्यक्षदर्शियों का दावा-“शव पर बार-बार चढ़ाई गाड़ी”, जांच में जुटी SFL टीम। दमोह जिले के बांसा निवासी और भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर की मंगलवार शाम एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हालांकि, घटनास्थल के हालात और चश्मदीदों के बयानों ने इस हादसे को ‘सोची-समझी साजिश’ के शक में बदल दिया है।

भाजपा नेता देवेंद्र ठाकुर की मौत या सुनियोजित हत्या? स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, प्रत्यक्षदर्शियों का दावा-“शव पर बार-बार चढ़ाई गाड़ी”, जांच में जुटी SFL टीम

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और खौफनाक मंजर

घटना मंगलवार शाम करीब 4:30 से 5 बजे के बीच की है। देवेंद्र ठाकुर अपनी बाइक (MP-34-5650) से दमोह से गांव लौट रहे थे। तभी मडियाहार नर्सरी के पास पीछे से आ रही एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो (MP-04-SJ-0999) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि टक्कर मारने के बाद चालक रुका नहीं, बल्कि उसने गाड़ी को 2-3 बार आगे-पीछे किया ताकि मौत सुनिश्चित हो सके। सड़क पर फैला खून और घिसटता हुआ शव इस भयावहता की तस्दीक कर रहा है।

लावारिस मिली भोपाल पासिंग गाड़ी

हादसे को अंजाम देने के बाद चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सागर रोड बाईपास के पास निर्माणाधीन बस स्टैंड से स्कॉर्पियो को लावारिस हालत में बरामद कर लिया है। वाहन भोपाल का बताया जा रहा है।

मौके पर पहुंचे दिग्गज, SP ने संभाली कमान

भाजपा नेता की मौत की खबर मिलते ही पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया समर्थकों के साथ घटनास्थल पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी आनंद कलादगी ने स्वयं कमान संभाली है। मंगलवार रात ही सागर से FSL (फॉरेंसिक), फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड की टीमें दमोह पहुंचीं। साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुरानी रंजिश का एंगल?

एसपी आनंद कलादगी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मृतक का कुछ लोगों से पुराना विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस एंगल पर काम कर रही है कि क्या यह टक्कर जानबूझकर रंजिश निकालने के लिए मारी गई थी। बुधवार सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Usha Pamnani

20 वर्षों से डिजिटल एवं प्रिंट मीडिया की पत्रकारिता में देश-विदेश, फ़िल्म, खेल सहित सामाजिक खबरों की एक्सपर्ट, वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में वरिष्ठ जिला प्रतिनिधि