Latest

कटनी में खनिज माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, अवैध रास्ते ध्वस्त, वाहन जब्त

कटनी में खनिज माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, अवैध रास्ते ध्वस्त, वाहन जब्त,  जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स ने बड़वारा तहसील के विभिन्न नदी घाटों पर सघन अभियान चलाया।

 

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रमोद चतुर्वेदी के नेतृत्व में खनिज, राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बसाड़ी, भदौरा, सकरीगढ़ और सुड्डी सहित आसपास के घाटों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान पाया गया कि अवैध खनन और परिवहन को आसान बनाने के लिए कई अस्थायी रास्ते बनाए गए थे।

संयुक्त टीम की मौजूदगी में इन सभी अवैध रास्तों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया गया, जिससे खनिज माफियाओं की गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जा सके। निरीक्षण के दौरान अवैध परिवहन में शामिल एक वाहन को भी जब्त किया गया, जिसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस, राजस्व, खनिज और परिवहन विभाग के अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम