Bhopal Police Station Name Change : रेलवे स्टेशन के बाद अब हबीबगंज पुलिस थाने का भी बदल सकता है नाम
Bhopal News: भोपाल। राजधानी भोपाल में हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर रानी कमलापति किए जाने के बाद अब हबीबगंज पुलिस थाने का नाम बदलने की मांग भी जोर पकड़ने लगी है। इस मामले में सरकार का रुख भी सकारात्मक है। प्रदेश के गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने इस बारे में कहा कि इस तरह का प्रस्ताव मेरे पास आया है। कुछ लोगों ने ज्ञापन भी दिए हैं। यह विचारणीय बिंदु है। हम थाने का नाम बदलने पर विचार करेंगे।
गौरतलब है कि बुधवार को भोपाल में संस्कृति बचाओ मंच ने थाने का नाम बदलने की प्रस्ताव गृह विभाग को दिया था। मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम प्रदेश सरकार के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने रानी कमलापति रख दिया।
अब हबीबगंज पुलिस थाने का नाम भी बदल देना चाहिए। इसी संबंध में गृह विभाग को प्रस्ताव भेजा है। संस्कृति बचाओ मंच के बाद अन्य सामाजिक संगठन भी हबीबगंज थाने का नाम बदल कर रानी कमलपति रखने की मांग शासन-प्रशासन से करने लगे हैं। ओम शिव सेवा मंडल, सिंध सेना, भोजपुरी एकता मंच सहित अन्य सामाजिक संगठनों ने हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की मांग उठाई है।
सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों का कहना है कि हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलने के बाद अब शासन-प्रशासन को हबीबगंज इलाके का नाम परिवर्तित करके रानी कमलापति इलाका कर दिया जाए। ओम शिव सेवा मंडल के अध्यक्ष रिंकू भटेजा ने बताया रेलवे स्टेशन के बाद हबीबगंज थाने का नाम बदलना जरूरी है। घर-घर से लोग मांग कर रहे हैं कि अब हबीबगंज थाने की जगह रानी कमलापति थाना नाम किया जाए। इसके बाद पूरे हबीबगंज इलाके का नाम भी बदला जाए।

