Wednesday, May 6, 2026
Latest:
मध्यप्रदेश

Bhopal Crime News: समोसे में नशीला पदार्थ खिलाकर नर्सिंग की छात्रा से दुष्कर्म

Bhopal Crime News: भोपाल । राजधानी के मिसरोद थाना इलाके में एक युवती को समोसे में नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता नर्सिंग की छात्रा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

मिसरोद थाना पुलिस के मुताबिक 18 वर्षीय युवती मिसरोद क्षेत्र में किराए के कमरे में रहती है। वह नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। छात्रा ने मंगलवार को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसमें बताया कि एक माह पहले इंस्टाग्राम पर उसका परिचय अरविंद नाम के युवक से हुआ था। कुछ दिन तक चैटिंग करने के बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत भी होने लगी। धीरे-धीरे अरविंद ने छात्रा के कमरे पर आना-जाना शुरू कर दिया।

नौ अक्टूबर को शाम के समय अरविंद छात्रा के कमरे पर पहुंचा। दोनों कमरे में बैठकर बात कर रहे थे, तभी छात्रा ने कहा कि मुझे भूख लग रही है। इस पर अरविंद खाने के लिए कुछ लाने का कहकर बाजार चला गया। कुछ देर बाद वह समोसे लेकर लौटा। छात्रा ने पुलिस को बताया कि समोसा खाने के बाद उसे चक्‍कर आने लगे और बेहोशी छाने लगी थी। इसी बात का फायदा उठाकर अरविंद ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म कर दिया। बाद में वह घटना के बारे में किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अरविंद के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक जल्‍द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम