Bhopal-लड़के वाले देखने आने वाले थे पर एक फोन आया और युवती ने लगा ली फांसी
भोपाल। पिपलानी इलाके में एक युवती ने गुरुवार को घर में फांसी लगा ली। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी ने एक फोन कॉल रिसीव करने के बाद यह कदम उठाया है। उसकी शादी की बात चल रही थी। शनिवार को लड़के वाले उसे देखने आने वाले थे। पुलिस ने मृतका का फोन बरामद कर लिया है। उसकी कॉल डिटेल निकाली जा रही है।
पुलिस के मुताबिक काजल जाटव (20) पुराना शिवनगर आनंद नगर में रहती थी। उसने आठवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और प्राइवेट काम करती थी। गुरुवार की दोपहर वह परिवार के साथ घर में थी। तब मां के अलावा दो भाई और बहन की बेटी भी थी। काजल को शनिवार को लड़के वाले देखने आने वाले थे। इसलिए घर में साफ-सफाई चल रही थी।
चाय बनाकर पिलाई थी
दोपहर को काजल ने चाय बनाकर सभी को पिलाई थी। इसके बाद कुछ बच्चों के साथ लूडो खेला फिर अपने क6मरे में चली गई। कुछ देर बात परिजन किसी काम से काजल के कमरे में गए। खटखटाने पर भी जब काजल ने दरवाजा नहीं खोला तो झांककर देखा तो काजल फंदे पर लटकी दिखी। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को घर लाने के बाद कुछ लोगों को लगा कि लड़की का शरीर काफी गर्म है, इसलिए तुरंत डायल 100 को सूचना दी गई। उसे दोबारा दूसरे अस्पताल ले गए लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
किसी का फोन आने के बाद कमरे में गई थी
भाई राजू जाटव ने बताया कि काजल को मोबाइल पर एक कॉल आया था। इसके बाद वह कमरे में गई थी। इसके बाद उसने फांसी लगाई है। राजू का कहना है कि परिजन अगले साल काजल की शादी करने की सोच रहे थे। इसके लिए शनिवार को लड़के वाले उसे देखने आने वाले थे। पुलिस जांच में जुटी है। जांच अधिकारी का कहना है कि अभी उस नंबर की कॉल डिटेल निकाल रहे हैं।

