बरही पुलिस ने 6 किलो गांजा के साथ आरोपी को पकड़ा
गांजे की कीमत 60 हजार रुपये, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्
कटनी। मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरही पुलिस ने 6 किलो 20 ग्राम गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को बरही थाना पुलिस कस्बे में भ्रमण के दौरान रेलवे स्टेशन खन्ना बंजारी और खितौली रोड की ओर जा रही थी। इसी दौरान रेलवे पुलिया के नीचे सड़क पर लाल-काले रंग की प्लास्टिक की बोरी लेकर जा रहा एक व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान पहचान पारधी (25), निवासी पारधी मोहल्ला, ग्राम खिरहनी, थाना बरही के रूप में बताई। बोरी की तलाशी लेने पर पीले रंग की पन्नी में रखा गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर उसका वजन 6 किलो 20 ग्राम निकला।
पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और थाना बरही में अपराध क्रमांक 791/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार चौबे सहित बरही थाने के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















