AICC कर रही PCC-DCC में सीधी नियुक्ति, सोशल मीडिया पर चल रहे नियुक्ति आदेश !

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटियों में इन दिनों अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) से सीधे नियुक्तियां हो रही हैं। इन नियुक्तियों के बारे में न पीसीसी को पता है और न ही जिला कांग्रेस कमेटियों को जानकारी है। नियुक्ति पाने वाले नेता फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुपों पर नियुक्ति पत्र पोस्ट कर लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।
एआईसीसी के महासचिव और प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया के हस्ताक्षर वाले नियुक्ति पत्रों से प्रदेश और जिला कांग्रेस कमेटियों में नियुक्तियां हुईं। पीसीसी में कई महासचिव और सचिव बनाए गए हैं तो जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष, महासचिव और सचिव बनाए हैं।
भोपाल से लेकर सतना, जबलपुर, रीवा जैसे करीब एक दर्जन से ज्यादा जिलों के नेताओं को इस तरह से पद बांटे गए हैं। सूत्रों के मुताबिक करीब एक पखवाड़े की अवधि में ऐसी लगभग सौ नियुक्तियां की गईं हैं। प्रभारी महासचिव के लैटरहेड पर उनके हस्ताक्षर से नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं।
सोशल मीडिया से जानकारी
सतना के शहर कांग्रेस अध्यक्ष मकसूद अहमद ने बताया कि उनके जिले के दिलीप मिश्रा को पीसीसी का महासचिव बनाया है लेकिन उन्हें इसकी प्रतिलिपि नहीं मिली है। जबलपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि राशिद सोहेल सिद्दीकी को पीसीसी का महासचिव बनाए जाने संबंधी नियुक्ति पत्र व उन्हें बधाई वाले संदेश-फोटो सोशल मीडिया पर चल रहे हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी को इसकी जानकारी नहीं है। मुरैना के जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश मावई ने बताया कि उनके जिले में कुछ महामंत्री व सचिव की नियुक्ति की जानकारी मिली है लेकिन इसकी कोई जानकारी उनके पास अधिकृत रूप से नहीं आई है।
असंतुष्टों को पद
प्रदेश कांग्रेस के कुछ जिम्मेदार पदाधिकारी इन नियुक्तियों को अंसतुष्टों को शांत करने की रणनीति का हिस्सा बता रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी के समर्थक कैलाश मिश्रा को जिला अध्यक्ष बनाए जाने के हाल ही में उनके घोर विरोधी मौजूदा विधायक आरिफ अकील समर्थक अब्दुल शफीक को कार्यकारी अध्यक्ष तो मोहम्मद सरवर को प्रदेश प्रवक्ता बनाया है।
वहीं, इन नियुक्तियों को लेकर प्रदेश प्रभारी महासचिव या पीसीसी के जिम्मेदारी पदाधिकारी चुप्पी साधे हैं। गौरतलब है कि इसके पहले कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस सहित जिला कांग्रेस कमेटियों में दो से लेकर सात नेताओं को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया था।
बाबरिया का निर्णय मान्य
एआईसीसी के महासचिव और प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया द्वारा नियुक्ति का कोई निर्णय लिया गया है तो वह हमें मान्य है।
-चंद्रप्रभाष शेखर, संगठन प्रभारी उपाध्यक्ष, मप्र कांग्रेस कमेटी








