विधायक संजय पाठक की पहल के बाद विजयराघवगढ़ अस्पताल में सर्जन चिकित्सक की पदस्थापना, जनता ने जताया आभार

कटनी। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए प्रदेश शासन ने सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ में एमएस (मास्टर ऑफ सर्जरी) विशेषज्ञ डॉ. धनंजय माझी की नियुक्ति कर दी है। यह नियुक्ति क्षेत्र के लोकप्रिय एवं जनप्रिय विधायक श्री संजय सत्येन्द्र पाठक के सतत प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, विजयराघवगढ़ अस्पताल में पूर्व में सर्जन डॉक्टर केवल डॉ. स्वर्णकार पदस्थ थे। लंबे समय से सर्जन विशेषज्ञों की कमी का सामना कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए यह नियुक्ति बड़ी राहत लेकर आई है। विधायक संजय पाठक के प्रयासों से अब अस्पताल में कुल 5 स्थायी एवं 2 ट्रेनी डॉक्टर पदस्थ हो चुके हैं—यानी कुल 7 डॉक्टरों की टीम अब मरीजों की सेवा में उपलब्ध रहेगी।
सर्जिकल सेवाओं के विस्तार के साथ ही अस्पताल की उपचार क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। नियुक्ति की जानकारी सामने आते ही क्षेत्रवासियों ने विधायक संजय पाठक के प्रति आभार जताते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जन-सुविधाओं के विस्तार में वे हमेशा अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सर्जन विशेषज्ञ की नियुक्ति से क्षेत्र में गंभीर और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को नई गति मिलेगी तथा मरीजों को अब बड़े शहरों की ओर रिफर होने की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। जिले के स्वास्थ्य तंत्र को मजबूती प्रदान करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।








