katniमध्यप्रदेश

एटीएम उखाड़ कर फरार बदमाश पुलिस की रडार पर, गिरफ्तारी के बाद शीघ्र उठ सकता है वारदात से पर्दा

एटीएम उखाड़ कर फरार बदमाश पुलिस की रडार पर, गिरफ्तारी के बाद शीघ्र उठ सकता है वारदात से पर्द

कटनी(YASHBHARAT.COM)। माधवनगर गेट के ठीक सामने से महाराष्ट्र बैंक के एटीएम काउंटर से एटीएम उखाड़ कर चंपत हुए बदमाशों के संबंध में पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं तथा वारदात में शामिल कुछ बदमाशों की पहचान भी हो गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें बदमाशों की तलाश में दूसरे राज्यों में भी दबिश दे रही हैं। जिससे यह संभावना बढ़ गई है कि पुलिस इस वारदात से जल्द ही पर्दा उठा सकती है। गौरतलब है कि बुलंद हौंसले वाले बदमाशों ने माधवनगर व अजाक थाने से चंद कदमों की दूरी पर माधवनगर गेट के सामने स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम काउंटर में धावा बोला और बड़े इत्मिनान से चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए एटीएम मशीन को ही उखाड़ कर ले गए। शुक्रवार व शनिवार की दरम्यानीरात ढाई बजे के लगभग बदमाशों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम काउंटर में घुसकर पहले सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे छिडक़ा ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद वे आराम से मशीन को काटते रहे और फिर उसे एक पिकअप वाहन में लादकर फरार हो गए। मशीन में 11 लाख के लगभग नगद रकम भरी हुई थी। वारदात की जानकारी शनिवार सुबह मिली, जिसके बाद पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया। जबलपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा खुद कटनी पहुंचे और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया, माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे सहित अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का जायजा लिया और इसके बाद कटनी पुलिस को वारदात में शामिल बदमाशों की पतासाजी करते हुए उनकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जिसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक वारदात में शामिल कुछ आरोपियों की पहचान हो गई है तथा पुलिस की अलग-अलग टीमें बदमाशों को गिरफ्त में लेने के प्रयास दूसरे राज्यों में कर रही हैं। पुलिस को शीघ्र इस वारदात से पर्दा उठाने में मदद मिल सकती है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि बदमाश एटीएम उखाडऩे चोरी के पिकअप वाहन से पहुंचे थे, जिसे वो वारदात के बाद ट्रांसपोर्ट नगर में छोड़ गए थे।

Back to top button