Latest

कटनी जिले की प्रशासनिक खबरें:-सीएम हेल्‍पलाइन शिकायतों का निराकरण समय पर एवं गुणवत्‍तापूर्ण तरीके से करें- कलेक्‍टर, शत-प्रतिशत बच्‍चों के बनवायें जन्‍म प्रमाण पत्र, समय-सीमा बैठक में कलेक्‍टर ने अधिकारियों को दिये निर्देश

कटनी जिले की प्रशासनिक खबरें:-सीएम हेल्‍पलाइन शिकायतों का निराकरण समय पर एवं गुणवत्‍तापूर्ण तरीके से करें- कलेक्‍टर, शत-प्रतिशत बच्‍चों के बनवायें जन्‍म प्रमाण पत्र, समय-सीमा बैठक में कलेक्‍टर ने अधिकारियों को दिये निर्देश

कटनी (YASH BHARAT.COM)। सभी विभाग सीएम हेल्‍पलाइन शिकायतों का निराकरण समय पर एवं गुणवत्‍तापूर्ण तरीके से करना सुनिश्चित करें। शिकायतें नॉट अटेंड पाये जाने पर अधिकारियों की वेतन काटने की कार्यवाही की जायेगी। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्‍त तपस्‍या परिहार एवं अपर कलेक्‍टर नीलांबर मिश्रा मौजूद रहे। कलेक्‍टर श्री तिवारी ने निगमायुक्‍त को पीएम स्‍वनिधि के अंतर्गत लंबित प्रकरणों में अधिक से अधिक ऋण स्‍वीकृत कराने के निर्देश दिए। कलेक्‍टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को राज्य मानवाधिकार आयोग के लंबित प्रकरणों में समय पर प्रतिवेदन प्रेषित करने के निर्देश दिये। बैठक के दौरान पोषण ट्रैकर ऐप के अनुसार कुपोषित, गंभीर कुपोषित और पोषण पुनर्वास केन्‍द्रों में भर्ती बच्‍चों की जानकारी सहित लाड़ली लक्ष्‍मी योजना में नवीन पंजीयन की समीक्षा की गई। लाड़ली लक्ष्‍मी योजना में कम पंजीयन पर कलेक्‍टर श्री तिवारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग के सभी परियोजना अधिकारियों को अधिक से अधिक पंजीयन कराने के निर्देश दिये। कलेक्‍टर श्री तिवारी ने धरती आबा जनजातीय उत्‍कर्ष अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री उज्‍ज्वला 3.0 योजना के तहत आदिवासी परिवारों की ई-केवाईसी करने और नि:शुल्‍क गैस, चूल्‍हा व गैस-सिलेण्‍डर से लाभान्वित कराने के निर्देश जिला आपूर्ति अधिकारी को दिये। कलेक्‍टर श्री तिवारी ने उपसंचालक कृषि को “प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना” के तहत सोलर पंप वितरण का लक्ष्‍य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दियें। योजनांतर्गत जिले के 559 किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप प्रदान किये जाने है।

पटवारियों को जारी होगा नोटिस

बैठक में कलेक्‍टर श्री तिवारी ने जनपद पंचायत रीठी, बड़वारा और ढ़ीमरखेड़ा को समग्र ई-केवाईसी कार्य में गति लाने के निर्देश दिये। उन्‍होंने पीएम किसान सम्‍मान निधि एवं एनपीसीआई कैंपों में फार्मर आईडी रजिस्‍ट्री में कम प्रगति पर नाराजगी जाहिर की। सा‍थ ही कलेक्‍टर ने कम प्रगति वाले और कार्यों में रूचि नहीं लेने वाले पटवारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।

बच्‍चों के जन्‍म प्रमाण पत्र बनवायें

कलेक्‍टर श्री तिवारी ने जिले में 12 जनवरी से शुरू हुये संकल्‍प से समाधान अभियान की समीक्षा करते हुये सभी विभागों को अपने विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों के अंतर्गत प्राप्‍त आवेदनों को पोर्टल में ऑनलाईन दर्ज करने के निर्देश दिये। उन्‍होंने सभी जनपद पंचायतों के सीईओ, नगरीय निकायों एवं तहसीलदारों को बच्‍चों के जन्‍म प्रमाण पत्र बनाने से संबंधित लंबित आवेदनों पर कार्यवाही कर अभियान के अंतर्गत अगले एक सप्‍ताह में शत-प्रतिशत जन्‍म प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश दिये।

पेंशन प्रकरणों की समीक्षा

कलेक्‍टर श्री तिवारी ने शिक्षा, पीएचई, जनसंसाधन, वन, राजस्‍व विभाग की लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा की। उन्‍होंने सभी डीडीओ को निर्देशित किया कि चे‍कलिस्‍ट के अनुसार एक बार में ही सभी आपत्तियों के निराकरण प्रकरण पेंशन अधिकारी की तरफ भेंजे। साथ ही उन्‍होंने पेंशन अधिकारी को भी निर्देश दिये के बिना चेकलिस्‍ट के प्रकरणों को स्‍वीकार न करें।

संपूर्णता अभियान 2.0

बैठक के दौरान नीति आयोग द्वारा क्रियान्वित आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के चयनित आकांक्षी विकासखंड रीठी में संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत 6 प्रमुख संकेतकों को शत-प्रतिशत सेचुरेशन तक पहुंचाने के निर्देश दिये गये। नीति आयोग द्वारा संचालित “संपूर्णता अभियान 2.0” का मुख्य उद्देश्य आगामी तीन माह की अवधि में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं पशुपालन विभागों से संबंधित 6 प्रमुख संकेतको को सौ फीसदी सेचुरेशन तक पहुंचाना है। यह अभियान विभागीय समन्वय, जन भागीदारी, फ्रंटलाइन वर्कर्स की सक्रिय भूमिका तथा सतत निगरानी पर आधारित है।

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक के दौरान सभी डिप्‍टी कलेक्‍टर, सभी एसडीएम, जिला पंजीयक पंकज कोरी, जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम, जिला रोजगार अधिकारी डी के पासी, उद्योग विभाग की महाप्रबंधक ज्‍योति सिंह चौहान, जिला पेंशन अधिकारी नीतू गुप्‍ता, जिला संयोजक आदिम जाति कल्‍याण विमल चौरसिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी वनश्री कुर्वेती, जिला आपूर्ति अधिकारी सज्‍जन सिंह परिहार, प्राचार्य शासकीय तिलक कॉलेज सुनील कुमार बाजपेयी, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, लोकसेवा के जिला प्रबंधक दिनेश विश्‍वकर्मा सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

जनता के बीच पहुंच कर समस्याएं जानने और निराकरण की कलेक्टर श्री तिवारी की अभिनव पहल, कलेक्टर जनता के बीच पहुंच कर सुनेंगे समस्यायें, बड़वारा में जनसुनवाई मंगलवार 3 फरवरी को

कटनी। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जनता के बीच पहुंच कर, उनसे जनसंवाद कर, शिकायतों और उनकी स्थानीय समस्याओं को जानने की अभिनव और संवेदनशील पहल की है। इसके लिए कलेक्टर स्वयं विकासखंड मुख्यालय पर पहुंच कर जनसमस्याओं और शिकायतों से रू-ब-रू होंगे और उनके निराकरण हेतु अधिकारियों को निर्देशित करेंगे। कलेक्टर श्री तिवारी मंगलवार 3 फरवरी को प्रातः 11 बजे से जनपद पंचायत बड़वारा में आयोजित जनसुनवाई में उपस्थित रहेंगे।

इन तिथियों को होगी जनसुनवाई

जारी कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार 3 फरवरी को जनपद पंचायत बड़वारा में और मंगलवार 10 फरवरी को जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ में दोपहर 11 बजे से 1 बजे तक जनपद स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जायेगी। जिले के विभिन्न स्थानों में आयोजित होने वाले जनसुनवाई कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि इस अभिनव पहल के प्रणेता एवं सूत्रधार कलेक्टर श्री तिवारी सहित सभी महकमों के जिला अधिकारी, एसडीएम, एसडीओपी और संबंधित तहसील और विकासखंड स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे। इसके लिए कलेक्टर श्री तिवारी ने सभी की उपस्थिति के लिए विधिवत निर्देश भी प्रदान किया है। जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद सभी विभागों के जिला अधिकारी अपने विभाग की संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के मैदानी क्रियान्वयन का जायजा लेंगे।कलेक्‍टर श्री तिवारी ने इस जनसुनवाई कार्यक्रम के आयोजन के लिये संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को समन्वय अधिकारी जबकि अनुविभागीय अधिकारी राजस्‍व को नोडल अधिकारी नियुक्‍त किया है। कलेक्‍टर श्री तिवारी ने निर्देशित किया है कि इस जनसुनवाई के साथ-साथ जिला स्तर से चयनित आवेदन, शिकायतों में लोक सेवा गारंटी अधिनियम, सीएमहेल्पलाईन में 50 दिवस से अधिक समय की लंबित आवेदन, शिकायतों का रैंडमली चयन किया जाकर सुनवाई की जावेगी। सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि तय दिवसों में किसी भी स्थिति में समक्ष में अनुमति लिये बिना जनसुनवाई कार्यक्रम से कोई भी जिला अधिकारी अनुपस्थित नहीं रहेंगें। कलेक्‍टर श्री तिवारी ने जनसुनवाई में समस्त जिला प्रमुखों, अनुविभागीय अधिकारी राजस्‍व, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत, तहसीलदार, थाना प्रभारी, वन क्षेत्रपाल एवं समस्त विकासखण्ड अधिकारी तथा अन्य को उपस्थित रहने के निर्देश दिये हैं।

कलेक्ट्रेट में भी होगी जनसुनवाई

कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रह कर लोगों की समस्याएं और शिकायतों को सुनेंगे।

सात दिवसीय नेतृत्व प्रशिक्षण विशेष शिविर का सलैया सिहोरा में किया जा रहा है आयोजन, रैली निकाल स्वयंसेवकों ने दिया पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं जैविक खेती का संदेश

कटनी। शासकीय महाविद्यालय बरही में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय नेतृत्व प्रशिक्षण विशेष शिविर प्राचार्य डॉ. आर. के. त्रिपाठी के मार्गदर्शन, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरविंद सिंह, प्रियंका तोमर एवं डॉ रश्मि त्रिपाठी के नेतृत्व में ग्राम पंचायत सलैया सिहोरा में संचालित हो रहा है। साथ ही शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच उपसरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, अब्दुल बारी, कैश अंसारी, पुष्पलता विश्वकर्मा, दीपक मिश्रा, शंकर सिंह, दीपक प्रजापति, स्वयंसेवकों एवं ग्रामवासियों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में शिविर के प्रातः काल सर्वप्रथम जागरण, परेड, व्यायाम, योग एवं स्वल्पाहार करने के पश्चात परियोजना कार्य में वेटलैंड दिवस के अवसर पर रैली निकालकर हम सब ने यह ठाना है पर्यावरण को बचाना है, जल ही जीवन है, जल है तो कल हैं, सांसे हो रही हैं कम, आओ पेड़ लगाये हम, प्रकृति के दुश्मन तीन, पाउच पन्नी पॉलिथीन आदि नारों के माध्यम से ग्रामवासियों को जागरूक किया गया। 07 3बौद्धिक परिचर्चा में जैविक खेती के विषय विशेषज्ञ श्री रामानुज पटेल तथा महाविद्यालय के शिक्षकों द्वारा जैविक खेती, पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण के लिये स्वयंसेवकों तथा ग्रामवासियों का मार्गदर्शन किया गया। साथ ही प्रतिदिवस सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्वयंसेवकों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतिया दी गई। कार्यक्रम में कन्हैया कुमार विश्वकर्मा, मनोज चौधरी, सौरभ सिंह, रावेंद्र साकेत, स्वयंसेवक एवं ग्रामवासियों की उपस्थिति रही।

ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश अभियान के अंतर्गत सेक्टर स्तरीय ग्राम उत्सव संपन्न

कटनी। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड कटनी के सेक्टर क्रमांक 5 हीरापुर कौड़िया के मुख्यालय ग्राम में ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश अभियान के अंतर्गत नवांकुर संस्था साध्वी जन कल्याण समिति कटनी द्वारा ग्राम के ख़ेरमाता मन्दिर परिसर में सेक्टर स्तरीय ग्राम उत्सव का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नितिन पांडे, विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्रा, ग्राम सेक्टर प्रभारी साध्वी निगम तथा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कटंगी कला से अध्यक्ष सतीश तिवारी ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बिछिया से अध्यक्ष विजय यादव सचिव अशोक यादव सरपंच प्रतिनिधि केवलारी अनिल पटेल सहित क्षेत्रीय समाजसेवी जन सहित ग्रामीण जनों की उपस्थिति रही। ग्राम की भजन मंडली के द्वारा सुंदरकांड की प्रस्तुति दी गई। तत्पश्चात अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए ग्राम विकास, जनभागीदारी, स्वच्छता, नशामुक्ति एवं स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया गया। 11 3कार्यक्रम उपरांत जन जागरूकता रैली आयोजित की गई जिसमें जल संचय, स्वच्छता, नशामुक्ति एवं स्वदेशी अपनाने के संदेश का सकारात्मक वातावरण देखने को मिला व समाज के लिए प्रेरणा स्त्रोत प्रमुख लोगो को ग्राम विकास में उनके विशिष्ट योगदान के लिए संस्था द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

कटनी में रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर के निर्माण हेतु इच्‍छुक उद्यमियों से आवेदन आमंत्रित

कटनी। जिले में औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टिकरिया कैलवारा में ‘रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर’ निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। टिकरिया कैलवारा में क्लस्टर के लिए 2.98 हेक्टेयर भूमि आवंटित की जा चुकी है। इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ने इच्छुक उद्यमियों से आवेदन आमंत्रित किया गया है। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ज्‍योति सिंह चौहान ने बताया कि क्लस्टर में भूमि आवंटन के लिए ऐसे उद्योगपति जो अपनी इकाई में कम से कम 10 व्यक्तियों को रोजगार प्रदान करते हों, अपनी स‍हमति सहित, अपने लेटर पैड पर फर्म का नाम, जीएसटी नंबर, वर्तमान पता और मोबाइल नंबर संबंधी जानकारी एक सप्ताह के भीतर जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कटनी में जमा करें।उल्‍लेखनीय है कि इस संबंध में मुड़वारा विधायक श्री संदीप जायसवाल की अध्यक्षता में जिला उद्योग संगठन के अध्यक्ष श्री मनीष गेई और रेडीमेड वस्त्र निर्माण संघ के अध्यक्ष श्री अनिल पंजाबी के साथ विगत दिनों एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई थी।

कलेक्‍टर ने आगंतुकों के पास पहुंचकर सुनीं समस्‍या, दिये निराकरण के निर्देश

कटनी। कलेक्‍ट्रेट कार्यालय में वैसे तो हर मंगलवार को जनसुनवाई कार्यक्रम में पहुंचकर लोग कलेक्‍टर, जिला पंचायत सीईओ और अपर कलेक्‍टर को अपनी समस्‍याओं से अवगत कराते हैं और अधिकारियों द्वारा इन्‍हें सुनकर नियमानुसार इनका निराकरण भी किया जाता है। 02 3लेकिन कलेक्‍टर श्री आशीष तिवारी मंगलवार की जनसुनवाई के अलावा भी अन्‍य दिनों में कलेक्ट्रेट पहुंचने वाले लोगों से खुद मिलकर उनकी समस्‍यायें सुनते हैं और उनका निराकरण करते हैं। कलेक्‍टर श्री तिवारी ने सोमवार को भी अपना दुख-दर्द लेकर पहुंचे लोगों को निराश नहीं किया। वे यहां समस्‍या लेकर आये सभी आगंतुकों से मिले और धैर्य पूर्वक समस्‍यायें सुनीं और अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिये। विकासखंड विजयराघवगढ़ के ग्राम सिघवारा के सोनेलाल पटेल ने प्रधानमंत्री किसान सम्‍मान निधि का लाभ नहीं मिलने की जानकारी दी जिस पर कलेक्‍टर श्री तिवारी ने तहसीलदार विजयराघवगढ़ को पात्रतानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये। वहीं पोषण पुनर्वास केन्‍द्र के सपोर्ट स्‍टाफ ने कलेक्‍टर दर पर मानदेय प्रदान करने का आग्रह किया। जिस पर कलेक्‍टर श्री तिवारी ने सीएमएचओ और महिला बाल विकास के जिला कार्यक्रम अधिकारी को इस मामले में नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये। इसी प्रकार नगर निगम जोन क्रमांक 2 के निवासी मुकेश गर्ग ने गलत आधार समग्र को डीलिंक करने की जानकारी दी, जिस पर कलेक्‍टर ने तत्‍काल जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस सौरव नामदेव को निराकरण के निर्देश दिये और इस कार्यवाही शुरू हो गई।

विद्यार्थियों को दिया गया दलहनी फसलों में नाइट्रोजन स्थिरीकरण का तकनीकी प्रशिक्षण

कटनी। जैविक खेती को गति प्रदान करने और विद्यार्थियों को स्वरोजगार के माध्‍यम से आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने हेतु स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय स्लीमनाबाद में स्नातक स्तर पर शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को जैविक खेती का प्रशिक्षण दिया गया। 05 3यह प्रशिक्षण प्राचार्या डॉ. सरिता पांडे के मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. प्रीति नेगी के सहयोग से जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे द्वारा दिया गया। प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को कम लागत जीरो बजट फार्मिंग के अंतर्गत फसल चक्र मिश्रित खेती, अंतर फसल पद्धति, बहु फसल कृषि पद्धति तथा नगदी फसलों को लगाकर कृषि के साथ अतिरिक्त आय प्राप्त करने का तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही फसल चक्र के अंतर्गत फसलों को हेर-फेर कर बोने एक दलीय फसलों के बाद दो दलीय फसलों को बोने की जानकारी दी गई।बताया गया कि दो दलीय फसलों की जड़ों में ग्रंथियां पाई जाती है। इन ग्रंथियों में राइजोबियम सूक्ष्म जीवाणु पाए जाते हैं। जिनके द्वारा वायुमंडल की नाइट्रोजन को जड़ों की ग्रंथियों में एकत्रित करने से पौधों को नाइट्रोजन उर्वरक प्राप्त होती है। जिससे एक तिहाई नाइट्रोजन उर्वरक कम देना पड़ता है। जिससे खेती की लागत में कमी आती है तथा बाजार पर निर्भरता कम होती है।

 

Back to top button