katniमध्यप्रदेश

मंगल नगर पुलिया के पास 54 लीटर अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी जब्त

 

मंगल नगर पुलिया के पास 54 लीटर अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी जब्

कटनी। रंगनाथनगर थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 54 लीटर लाल मसाला शराब के साथ एक आरोपी को स्कूटी सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में शराब उपलब्ध कराने के आरोप में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है, जबकि प्रकरण का एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को अपराध पतासाजी एवं पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंगल नगर पुलिया के पास एक व्यक्ति सेलेटी रंग की स्कूटी में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर आने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को सेलेटी रंग की स्कूटी क्रमांक MP 21 ZH 9350 पर एक व्यक्ति दिखाई दिया, जिसके पास थैला रखा हुआ था। पुलिस को देखते ही वह स्कूटी लेकर भागने लगा।

पुलिस टीम ने पीछा कर भूत बंगला रेलवे लाइन के पास घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। स्कूटी की तलाशी लेने पर थैले से 54 लीटर लाल मसाला शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये है, बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान युवराज उर्फ हनीश सिक्कलवाल (20), निवासी फॉरेस्टर वार्ड, झर्रा टुकरिया, थाना रंगनाथनगर के रूप में हुई। आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

मामले में थाना रंगनाथनगर में अपराध क्रमांक 355/2026, धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी के कथनों के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि वह उक्त शराब कमलेश चौधरी (47), निवासी फॉरेस्टर वार्ड, थाना रंगनाथनगर के कहने पर लेने गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने कमलेश चौधरी को भी गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।

पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी रंगनाथनगर उपनिरीक्षक अरुणपाल सिंह, सहायक उपनिरीक्षक बहादुर सिंह, प्रधान आरक्षक महेन्द्र दुबे, लालजी यादव एवं रामनरेश शुक्ला, आरक्षक बृजेश, रोहित झारिया एवं वीरेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button