FEATURED

ABVP और DUSU ने शुरू की ऑनलाइन कक्षाएं, ऐसे उठाएं लाभ

CoronaVirus effect: कोरोनावायरस के चलते पूरे देश में लॉकडाउन की स्थिति है। इस वजह से दिल्ली के छात्र समुदाय को होने वाली शैक्षणिक हानि को दूर करने के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की दिल्ली इकाई और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) ने बड़ा कदम उठाया है। इन दोनों संस्थाओं से जुड़े छात्र कार्यकर्ताओं ने अन्य छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन कक्षाएं शुरू की हैं, जिससे स्टूडेंट्स को पढ़ाई में काफी मदद मिल रही है। दोनों संस्थाओं द्वारा संयुक्त रूप से 20 से अधिक पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं चलाई जा रही है।

बता दें कि संबंधित पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं को इन ऑनलाइन कक्षाओं से काफी लाभ मिल रहा है। ABVP द्वारा जारी बयान के मुताबिक सभी रजिस्टर्ड विद्यार्थी इन ऑनलाइन कक्षाओं में शामिल हो सकते हैं। गौरतलब है कि कॉलेज बंद होने, कक्षाएं और लाइब्रेरी बंद होने के कारण स्टूडेंट्स की पढाई का काफी नुकसान हो रहा है। कॉलेज, यूनिवर्सिटी और जनरल लाइब्रेरी बंद होने से बच्चों को स्टडी मटेरियल नहीं मिल पा रहा है। साथ ही फेकल्टी की गैरउपलब्धता के चलते पढ़ाई के दौरान आ रही दिक्कतों को स्टूडेंट्स हल नहीं कर पा रहे। ऐसे में ये ऑनलाइन कक्षाएं स्टूडेंट्स के लिए काफी मददगार साबित हो रही हैं।

ABVP दिल्ली और DUSU ने 80 प्रोफेसर और टीचरों के साथ समन्वय बनाते हुए ये ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। ये प्रोफेसर और टीचर दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU), जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU), जामिया मिलिया इस्लामिया (JMI), आईपी यूनिवर्सिटी, आम्बेडकर यूनिवर्सिटी जैसे बड़े संस्थानों से हैं। दिल्ली के तमाम कॉलेजों और संस्थानों के स्टूडेंट्स इन ऑनलाइन कक्षाओं के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। स्टूडेंट्स के सवालों और शंकाओं का समाधान ई मेल, वॉइस नोट्स और ऑनलाइन कक्षाओं के दौरान चर्चा में दूर किए जा रहे हैं।

Back to top button