15 करोड़ की चोरी से हड़कंप, जांच के लिए पहुंचे आईजी और डीआईजी,किसना ज्वेलर्स शोरूम का किया बारीकी से निरीक्षण, संचालक मोहन बजाज से ली घटना की जानकारी, एसपी अभिनय विश्वकर्मा भी रहे मौजूद
कटनी। शहर के बरगवां स्थित किसना ज्वेलर्स में हुई करीब 15 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। करोड़ों के आभूषणों की इस बड़ी चोरी का सुराग लगाने के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार सक्रिय हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को जबलपुर संभाग के आईजी प्रमोद वर्मा और डीआईजी अतुल सिंह कटनी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की प्रगति का जायजा लिया।
किस तरीके से वारदात
वरिष्ठ अधिकारियों ने किसना ज्वेलर्स के शोरूम के अंदर पहुंचकर चोरी की वारदात से जुड़े प्रत्येक पहलू को बारीकी से देखा। चोरों ने किस रास्ते से शोरूम में प्रवेश किया और किस तरीके से वारदात को अंजाम दिया, इसकी जानकारी जुटाई गई। अधिकारियों ने शोरूम संचालक मोहन बजाज से भी मुलाकात कर घटना के संबंध में विस्तार से चर्चा की। चोरी गए सोने-चांदी के आभूषणों की मात्रा, घटना के समय, शोरूम की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने घटनास्थल की परिस्थितियों को समझते हुए जांच से जुड़े पहलुओं का अवलोकन किया।
उल्लेखनीय है कि बरगवां स्थित किसना ज्वेलर्स में अज्ञात बदमाशों ने शोरूम की पिछली दीवार में सेंध लगाकर करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया था। घटना का खुलासा होने के बाद से ही पुलिस की विभिन्न टीमें आरोपियों की तलाश और चोरी का सुराग जुटाने में लगी हुई हैं। करीब 15 करोड़ रुपये की इस बड़ी वारदात को लेकर पुलिस पर जल्द खुलासा करने का दबाव है। ऐसे में आईजी और डीआईजी का घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण करना मामले की गंभीरता और जांच की अहमियत को दर्शाता है।













