दुकान के बाहर खड़े व्यक्ति पर लाठी-डंडों से हमला,मारपीट में गंभीर घायल हुआ 52 वर्षीय व्यक्ति, घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया

दुकान के बाहर खड़े व्यक्ति पर लाठी-डंडों से हमला,मारपीट में गंभीर घायल हुआ 52 वर्षीय व्यक्ति, घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आय
कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र के अमीरगंज में दुकान के बाहर खड़े एक व्यक्ति पर कुछ युवकों द्वारा लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। मारपीट में अमीरगंज निवासी 52 वर्षीय पप्पू उर्फ सनत कुमार यादव, पिता उमराव यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग पीड़ित के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे पप्पू यादव अपनी रेत-गिट्टी की दुकान सियाराम ट्रेडर्स के बाहर कुछ समय के लिए खड़े थे। बताया गया है कि इसी दौरान सुशील यादव, शिवम गुप्ता, शहंशाह केवट (सुशील यादव का ड्राइवर) सहित अन्य लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि सुशील यादव के कहने पर शिवम गुप्ता, शहंशाह केवट एवं दो अन्य लोगों ने पप्पू यादव के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
हमले में पप्पू यादव को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मारपीट की घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। फुटेज में आरोपियों द्वारा पीड़ित के साथ मारपीट किए जाने का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद माधवनगर पुलिस ने मामले में आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की पड़ताल कर रही है।








