करीना कपूर के पेंडेंट विवाद में आया नया मोड़: ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी ने किया एक्ट्रेस का बचाव; संरक्षक समसुल हसन ने बताया भोपाल के नवाबी परिवार की विरासत, कांग्रेस नेताओं पर लगाया समाज को बांटने का आरोप
भोपाल। बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान के एक पेंडेंट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजधानी भोपाल में राजनीतिक और सामाजिक बहस का केंद्र बन गया है। जहां एक वर्ग इस पेंडेंट को लेकर आपत्ति जता रहा है, वहीं अब ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी खुलकर करीना कपूर के समर्थन में उतर आई है। कमेटी के संरक्षक समसुल हसन ने इस पूरे विवाद को पूरी तरह अनावश्यक बताते हुए विरोध करने वालों और कुछ कांग्रेस नेताओं को आड़े हाथों लिया है।
समसुल हसन ने पेंडेंट के ऐतिहासिक महत्व को स्पष्ट करते हुए कहा कि यह कोई नया आभूषण नहीं है, बल्कि भोपाल के नवाबी दौर से जुड़ी पुश्तैनी विरासत है:
हसन के मुताबिक, यह पेंडेंट पहले बेगम साजिदा सुल्तान के पास था, जिसके बाद नवाब मंसूर अली खान पटौदी और फिर सैफ अली खान के पास पहुंचा। अब परिवार की बहू होने के नाते करीना कपूर इसे पहन रही हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब नवाबी परिवार के अन्य सदस्यों ने इसे पहना, तब किसी को आपत्ति नहीं हुई, तो अब करीना के पहनने पर बवाल क्यों? उन्होंने कहा कि करीना पूरे सम्मान के साथ पारंपरिक लिबास में सिर ढककर नजर आई हैं, ऐसे में उन्हें निशाना बनाना गलत है।
समसुल हसन ने इस मुद्दे पर बयानबाजी कर रहे कांग्रेस से जुड़े कुछ नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कांग्रेस नेता खुद मुस्लिम समाज की संपत्तियों पर कब्जा करके बैठे हैं और अब राजनीतिक लाभ के लिए करीना कपूर के ईमान पर सवाल उठाकर समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। हसन ने साफ कहा कि करीना के पहनावे से मुस्लिम समाज की कोई भावना आहत नहीं हुई है।
भोपाल की सांस्कृतिक विरासत का हवाला देते हुए समसुल हसन ने कहा कि यह शहर हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सद्भाव के लिए जाना जाता रहा है। एक पारिवारिक विरासत से जुड़े पेंडेंट को धार्मिक या राजनीतिक रंग देना शहर की सामाजिक एकता के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने लोगों से ऐसे अनावश्यक विवादों से बचने की अपील की है।












