
कटनी। शुक्रवार की अलसुबह बरही नगर के डोली मार्ग स्थित अग्रसेन प्लाजा में संचालित रोशन मोबाइल दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में पूरी दुकान जलकर खाक हो गई और लपटों ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। घटना से पूरे बरही नगर में हड़कंप की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों ने नींद से जागते ही दुकान के अंदर से धुआं उठता देखा, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। तत्काल नगर परिषद बरही के दमकल अमले को सूचना दी गई। खबर मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग की चपेट में आई दुकान बरही निवासी 35 वर्षीय रोशन गुप्ता की थी, जो स्वर्गीय अशोक गुप्ता के पुत्र हैं। दुकान में रखे मोबाइल फोन, मोबाइल पार्ट्स और एक्सेसरीज पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
इस हादसे में दुकानदार के साथ-साथ भवन मालिक को भी लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।








