7th Pay Commission : केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कर्मचारियों के मिलने वाले प्रमोशन को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पदोन्नति की प्रकिया को सरल बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लेकिन मुकदमे दर्ज हो जाने के कारण इसमें दिक्कते आती हैं।
केंद्रीय मंत्री ने यह बयान भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के प्रतिनिधिमंडल बैठक के दौरान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ईमानदार और बढ़िया प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को प्रोस्ताहित किया जा रहा है। सिंह ने कहा, ईमानदारी और प्रदर्शन को हर चीज पर तवज्जो दी जा रही है। मंत्री ने कहा कि कार्य अनुकूल माहौल उपलब्ध करवाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं, ताकि अधिकारी अपनी क्षमता के मुताबिक बेहतर प्रदर्शन कर सकें। सिंह ने इस संबंध में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा हाल में मंजूर मिशन कर्मयोगी सुधार का भी खास तौर पर जिक्र किया।
कार्मिंक मंत्रालय के एक बयान के मुताबिक, सिंह ने कहा कि कार्मिंक और प्रशिक्षण विभाग पदोन्नति की प्रक्रिया को सुगम बनाने का प्रयास कर रहा है। लेकिन समय-समय पर कई याचिकाएं दायर होने के कारण इसमें बाधा आ रही है। सिंह ने कहा कि वह कर्मचारियों के विभिन्न समूहों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इन सब दिक्कतों से निजात दिलाने के लिए उनसे सहयोग की अपील भी की।








