कांग्रेस के दावेदार संतों की शरण में

खुद भी मैदान में उतरने को तैयार हैं कई बाबा
जबलपुर, नगर प्रतिनिधि । मध्य प्रदेश में चुनावों की तारीख का ऐलान होते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पार्टियों में अपने स्तर पर टिकट का जुगाड़ नहीं लगने पर अब दावेदार बाबाओं और साधु संतों का सहारा ले रहे हैं। ये दावेदार बाबाओं के जरिए बड़े नेताओं से खुद की सिफारिश करवा रहे हैं।
काट रहे पार्टी मुख्यालय के चक्कर
कई दावेदार तो बाबाओं के साथ पार्टी मुख्यालय के चक्कर भी काट रहे हैं। जबलपुर के बरगी से टिकट के लिए कांग्रेस की तरफ से दावेदारी कर रहे कृष्ण कुमार चौकसे जैसे नेता उन्हीं में से एक हैं, जो पार्टी मुख्यालय के चक्कर काट रहे हैं। कुछ दिनों पहले कृष्ण कुमार चौकसे महामंडेश्वर लक्ष्मणदास बालयोगी के साथ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे. उन्होंने बाबा के साथ कांग्रेस संगठन के पदाधिकारी से मुलाकात की. बाबा ने कृष्ण कुमार चौकसे की टिकट के लिए सिफारिश भी की. इतना ही नहीं बाबा को आश्वासन भी मिला, साथ ही दावेदार कृष्ण कुमार चौकसे ने यहां तक कहा कि यदि उन्हें टिकट नहीं मिलता है, तो बरगी विधानसभा में कांग्रेस की हार तय है।
किसी की भी सिफारिश नहीं चलेगी
हालांकि, इस मामले में कांग्रेस का कहना है कि बाबा या साधु संत कितना भी टिकट दिलाने का प्रयास करें, उससे कुछ होने वाला नहीं है. सर्वे के बाद अब हाईकमान ही टिकट तय करेंगे. टिकट के लिए किसी की भी सिफारिश नहीं चलेगी. वहीं दावेदारों के लिए सिफारिश करने के साथ बाबा और साधु संत भी सियासी मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं. कई बाबाओं ने सियासी पार्टियों से टिकट की दावेदारी की है.-
. उज्जैन दक्षिण से महंत अवधेशपुरी भी टिकट की दावेदारी कर रहे है।
. केवलारी(सिवनी) से संत मदन मोहन खड़ेश्वरी ने टिकट मांगा है।
. विधानसभा टिकट के लिए कम्प्यूटर बाबा ने सियासत में कदम रखा है।
. सिलवानी से महेंद्र प्रताप गिरि ने टिकट की दावेदारी की है
. उदयपुरा से रविनाथ महीवाले टिकट की मांग कर रहे हैं।
बीजेपी ने कसा तंज
दूसरी ओर बीजेपी ने बाबाओं की सिफारिश पर कांग्रेस पर तंज कसा है. सरकार का कहना है कि कांग्रेस में सिफारिश की परंपरा रही है. हालांकि चुनाव में अब कुछ ही दिन बचे हैं. बीजेपी और कांग्रेस की जल्द ही उम्मीदवारों की सूची जारी होने वाली है. ऐसे में दावेदारों ने हर स्तर पर टिकट के लिए सिफारिश करना शुरू कर दिया है. इसीलिए टिकट के लिए हाहाकार मचा हुआ है।








