3 मई से ट्रेन और एयरलाइंस सेवाएं शुरू करने पर अभी विचार नहीं
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने रविवार को स्पष्ट कर दिया है कि लॉकडाउन समाप्त होने के बाद भी रेल और हवाई यातायात बहाल करने पर अभी फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 3 मई को COVID-19 लॉकडाउन समाप्त होने के बाद अब तक ट्रेन या एयरलाइन सेवा शुरू करने पर कोई निर्णय नहीं लिया है, इस मुद्दे पर कोई भी चर्चा निरर्थक है।
यह पूछे जाने पर कि क्या सरकार ट्रेनों या एयरलाइंस जैसी यात्री परिवहन सेवाओं को शुरू करने के लिए किसी समयरेखा पर विचार कर रही है, उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, इसे आखिर किसी एक दिन तो शुरू करना ही होगा लेकिन वह कब होगा, इसे हम अभी इस समय नहीं जानते हैं। इस बारे में चर्चा निरर्थक है क्योंकि हम हर दिन देश की मौजूदा स्थिति की जांच कर रहे हैं।
जावड़ेकर ने कहा कि कुछ एयरलाइंस ने 4 मई से बुकिंग शुरू करने का फैसला किया लेकिन नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार ने इस संबंध में कोई फैसला नहीं किया है। इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय सरकार द्वारा लिया जाएगा।
मालूम हो कि एयर इंडिया सहित कुछ एयरलाइनों ने 4 मई से चुनिंदा घरेलू मार्गों पर बुकिंग शुरू की थी। केंद्रीय मंत्री पुरी ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कमर्शियल उड़ान सेवाएं शुरू करने के बारे में स्पष्ट कर दिया है कि अभी कोई िनिर्णय नहीं लिया गया है।
इससे पहले, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल को राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ा दिया था।

