26 तारीख को हर हाल में उपस्थिति दे मतदान कर्मी
जबलपुर। बड़ी संख्या में वाहनों को अधिग्रहित किये जाने से आवागमन में होने वाली असुविधा की संभावना के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती छवि भारद्वाज ने विधानसभा क्षेत्र पाटन, बरगी, पनागर और सिहोरा में मतदान कराने तैनात किये जा रहे सभी मतदान कर्मियों को 26 नवंबर की रात तक हर हालत में जबलपुर में ही उपस्थित होने के निर्देश दिये हैं। इस बारे में जारी एक आदेश में कलेक्टर श्रीमती भारद्वाज ने कहा है कि चूंकि विधानसभा का चुनाव कराने इन विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त मतदान कर्मियों को मतदान सामग्री का वितरण 27 नवंबर की सुबह 6 बजे से किया जाना है। मतदान कर्मियों को वाहनों के अधिग्रहण के कारण आवागमन में होने वाली कठिनाइयों का सामना न करना पड़े और वे नियत समय पर एमएलबी स्कूल स्थित सामग्री वितरण केन्द्र पर पहुंच जायें इसके लिए उन्हें एक दिन पूर्व 26 नवंबर की रात तक जबलपुर आकर उपस्थिति दर्ज करानी होगी। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रशासन द्वारा पाटन, बरगी, पनागर और सिहोरा विधानसभा क्षेत्र के ऐसे सभी मतदान कर्मियों के लिए 26 नवंबर की रात जबलपुर में रूकने की व्यवस्था की गई है, जिनके स्वयं के निवास जबलपुर शहर में नहीं हैं।

