डीजे पर थिरकते-थिरकते थमीं साँसें: नाचते-नाचते जमीन पर गिरा 25 साल का युवक, अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
यश भारत (डिजिटल डेस्क) – डिंडौरी: डिंडौरी जिला मुख्यालय में बुधवार की रात माँ दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान उस समय अचानक खुशियाँ मातम में बदल गईं, जब एक 25 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। विसर्जन चल समारोह में डीजे की धुन पर नाचते-नाचते युवक अचानक बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिससे पूरे समारोह में अफरा-तफरी मच गई। डीजे पर थिरकते-थिरकते थमीं साँसें: नाचते-नाचते जमीन पर गिरा 25 साल का युवक, अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
नाचते समय बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मृत घोषित
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डिंडौरी मुख्यालय में प्रतिमा विसर्जन का चल समारोह बेहद उत्साह के साथ निकाला जा रहा था। इसी दौरान 25 वर्षीय युवक अपने साथियों के साथ डीजे की धुन पर थिरक रहा था। नाचते-नाचते अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। साथ में मौजूद लोगों और दोस्तों ने बिना समय गंवाए उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और मामला दर्ज किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।










