Monday, April 6, 2026
Latest:
Latest

160 FIR: कानपुर के गैंगस्टर विकास दुबे जितने कुख्यात हैं कन्नौज के 4 भाई; भिंड में 1 पकड़ाया, 3 पहले से जेल में, 5वें भाई का हो चुका है एनकाउंटर

भिंड पुलिस ने एक कुख्यात लुटेरे को पकड़ा है। उसकी हिस्ट्री जान आप दंग रह जाएंगे। लुटेरे के एक भाई का एनकाउंटर हो चुका है। उसके परिवार के सदस्यों पर हत्या, लूट, मारपीट और उगाही की 160 FIR उत्तर प्रदेश के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। लुटेरे के तीन भाई पहले से ही जेल में बंद हैं। ये कुख्यात भाई कन्नौज जिले के छिबरामऊ के उस्मानपुर गांव के रहने वाले हैं। पूरे जिले में इनका आतंक है। भिंड में पकड़ा गया लुटेरा दो साल से अपने दो साथियों के साथ लूटपाट कर रहा था। उसके खिलाफ 32 मामले दर्ज हैं। कन्नौज के इन भाइयों को भिंड पुलिस कानपुर जिले के विकास दुबे जैसा ही शातिर बदमाश मान रही है।

वर्ष 2018 से 20 के बीच भिंड के लहार विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग थानों में लूट की छह वारदातें हुईं। इन वारदातों में कई चीजें एक जैसी पाई गईं। जैसे- लुटेरे एक जैसी बाइक से आते थे। हर बार लुटेरों की संख्या 3 रहती थी। पुलिस को एक घटनास्थल पर एक ऐसा क्लू मिला, जिसका सीधा संबंध छिबरामऊ जिला कन्नौज से था। इसके बाद पुलिस ने मिशन लूट तैयार किया। पुलिस ने इस सिलसिले में कई बदमाशों से पूछताछ की।

मिशन लूट की कामयाबी के लिए 27 बार कन्नौज गई पुलिस
एडिशनल एसपी संजीव कंचन के मार्गदर्शन में भिंड पुलिस ने मिशन लूट तैयार किया। यह मिशन के तहत पुलिस करीब 27 बार कन्नौज के छिबरामऊ और उस्मानपुर पहुंची। पुलिस ने परिवार की अपराध की हिस्ट्री तलाशी और बदमाशों के मूवमेंट की जानकारी निकालनी शुरू की। भिंड पुलिस के सक्रिय होने की जानकारी बदमाशों तक पहुंच चुकी थी। इसके बाद पुलिस की पकड़ से बदमाश राहुल राठौर और उसके साथी बाहर हो गए थे, लेकिन भिंड पुलिस लगातार राहुल को पकड़ने के लिए डटी रही। और आखिरकार उसे सोमवार को छिबरामऊ से गिरफ्तार कर लिया।

कन्नौज जिले में भाइयों का आतंक
ASP ने बताया कि कन्नौज जिले के छिबरामऊ, उस्मानपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में राहुल राठौर व उसके तीन भाइयों का आतंक है। राहुल का सबसे बड़ा भाई धर्म सिंह उर्फ धरमा (52) पर 38 अपराध दर्ज हैं। इसके बाद दूसरे भाई मिंटो उर्फ अजय राठौर (45) पर 24 FIR दर्ज हैं। तीसरा भाई टिल्लू था, जिसकी पुलिस मुठभेड़ में मौत हो चुकी है। टिल्लू पर आधा सैकड़े से ज्यादा मामले दर्ज थे। चौथा भाई संजू राठौर (35) है, जिस पर 20 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। मिंटो के बेटे पर भी 10 मामले दर्ज हैं।

पुलिस वालों और नेताओं से साठगांठ
इस गिरोह का मुख्य सरगना फतेहगढ़ जेल में बंद मिंटो उर्फ अजय राठौर है। उसकी पुलिस से लेकर राजनीति तक में गहरी पैठ है। पुलिस को इन अपराधियों के फेसबुक अकाउंट से कई राजनेताओं से उनकी नजदीकियां साबित करने वाले फोटो भी मिले हैं। जब भिंड पुलिस ने कन्नौज जिले से बदमाश राहुल को पकड़ने के लिए जाल बिछाया तो कई अहम सबूत हाथ लगे। कुछ स्थानीय पुलिस अधिकारियों से भी इन बदमाशों की मिलीभगत के सबूत हाथ आए हैं। कन्नौज जिले के एक पुलिस अफसर ने जब इस गिरोह पर शिकंजा कसना चाहा तो इन बदमाशों ने उन्हें धमकी दे दी। वहीं राहुल राठौर को भिंड पुलिस द्वारा पकड़े जाने के बाद एक एसआई को जेल से मिन्टो राठौर ने फोन कर धमकाया। उसने जेल से ही एक डीएसपी को भी फोन लगाया।

बेटी से हथियार सप्लाई कराता था मिन्टो
पुलिस ने जांच में पाया कि राहुल राठौर का दूसरे नंबर का भाई मिंटो हथियारों की सप्लाई करता था। वह गिरोह का सरगना है। इस काम में उसकी नाबालिग बेटी मदद करती थी। लूट की वारदात का 60 फीसदी हिस्सा वह स्वयं लेता है। इसके अलावा मिंटो का बेटा हथियारों की तस्करी करता है। उस पर भी दस से अधिक अपराध दर्ज होने की जानकारी यूपी पुलिस ने भिंड पुलिस को दी है।

पोस्टर बनवाने आया था, तभी धरा गया
जब भिंड पुलिस ने बदमाश राहुल को उठाया, उस समय वह अपनी भाभी को जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में बतौर उम्मीदवार उतारने के लिए उसका पोस्टर बनवाने आया था। पुलिस द्वारा आरोपी को पकड़े जाने के बाद भी उसके तेवर कम नहीं हुए। पुलिस से उसने कहा कि भाभी तो जिला पंचायत सदस्य बनेंगी। कोई रोक नहीं पाएगा।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम