jabalpurLatest

15000 फीट की ऊंचाई पर विमान में लगी आग, पायलट ने दिखाई सूझबूझ

जबलपुर। हैदराबाद एयरपोर्ट से शुक्रवार दोपहर 1.15 बजे टेक ऑफ करके जबलपुर आ रही फ्लाइट में 15 हजार फीट की ऊंचाई पर अचानक ही तेजी से धुआं भरने लगा। पायलट ने उद्घोषणा की-फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने से इसे कहीं भी लैंड कर सकते हैं। इसके बाद 65 यात्रियों व 6 क्रू मेम्बरों ने मान लिया कि फ्लाइट में आग लग गई है, जिसका क्रैश होना निश्चित है। पायलट ने अपनी सूझबूझ से नागपुर एयरपोर्ट में दोपहर 2.25 बजे इस फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करा दी।

उड़ान भरने के करीब 40 मिनट बाद स्पाइस जेट एयरलाइंस की फ्लाइट की टेल के हिस्से से धुआं अंदर समाने लगा। फ्लाइट में आग भड़कने की आशंका से पायलट अभिषेक ने कंट्रोल और समीपी एयरपोर्ट को इमरजेंसी लैंडिंग करने की सूचना दी। इसके बाद पायलट ने यात्रियों को संदेश दिया कि सड़क, खेत या मैदान में (कहीं भी) लैंडिंग होगी, जिसके लिए तैयार रहें। नागपुर में लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

यह मेरा आखरी मैसेज होगा

पायलट की उद्घोषणा के बाद फ्लाइट में सवार बच्चे-बुजुर्गों ने रोना, चीखना शुरू कर दिया। कुछ यात्रियों ने अपने मोबाइल निकालकर परिजन को मैसेज कर दिया कि फ्लाइट में आग लग गई है, यह मेरा आखरी मैसेज होगा। फ्लाइट में जबलपुर के तकरीबन 1 दर्जन क्रू मेंबर सवार थे।

यात्री बताते हैं कि नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग होते ही फायर फाइटर, एम्बुलेंस रनवे पर दौड़ पड़े। उन्होंने यात्रियों को उतारा और करीब 300 फीट की दूरी पर खड़ी बस में बैठाकर टर्मिनल भेज दिया। इस दौरान फायर फाइटरों की टीम ने फ्लाइट और उसकी टेल पर लगातार पानी की बौछारें की और उसे ठंडा किया।

Leave a Reply

Back to top button