Monday, April 6, 2026
Latest:
मध्यप्रदेश

14 साल में दूसरी बार फरवरी में MP में इतनी गर्मी, जनिये क्या कहता है मौसम विभाग

भोपाल। हवा का रुख पश्चिमी बना रहने से पूरे प्रदेश में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। इसी क्रम में शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्ष 2007 से अभी तक दूसरी बार फरवरी में में दिन इतना गर्म रहा। इसके पहले 21 फरवरी 2019 को भोपाल का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्रीसे. दर्ज हुआ था। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पश्चिमी हवाओं के साथ अरब सागर से कुछ नमी आने लगी है। इससे भोपाल और आसपास बूंदाबांदी के भी आसार बन रहे हैं। उधर सोमवार से तापमान में कुछ कमी आने की भी संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्रीसे. रिकार्ड हुआ। यह सामान्य से एक डिग्रीसे अधिक है। साथ ही शुक्रवार के न्यूनतम तापमान (14.2 डिग्रीसे.) के मुकाबले 1.2 डिग्रीसे.अधिक भी रहा। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि शनिवार को करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटा की औसत रफ्तार से पश्चिमी हवा चली। हवा के साथ नमी आने से शाम के समय भोपाल, राजगढ़ में कुछ बादल भी छाने लगे हैं। इससे बूंदाबांदी होने की भी संभावना बढ़ गई है।

सोमवार से बदल सकता है हवा का रुख

शुक्ला के मुताबिक वर्तमान में पाकिस्तान और उससे लगे उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ मौजूद है। उसके प्रभाव से उत्तरी पाकिस्तान और उससे लगे राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। इस वजह से हवा का रुख कभी पूर्वी तो कभी पश्चिमी हो रहा है। रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने पर प्रेरित चक्रवात समाप्त हो जाएगा। इससे हवा का रुख बदलकर उत्तरी होने लगेगा। इससे सोमवार से दिन और रात के तापमान में कुछ कमी आने लगेगी।

शनिवार को चार महानगरों का तापमान

शहर अधिकतम न्यूनतम

भोपाल 35.5 15.4

इंदौर 34.5 16.7

जबलपुर 34.4 17.6

ग्वालियर 34.1 17.7

नोट:-तापमान डिग्रीसेल्सियस में।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम