वेंकट वार्ड निवासी युवक की स्वाइन फ्लू से मौत
कटनी। वेंकट वार्ड में स्वाइन फ्लू मलेरिया और संक्रामक रोगों के फैलने के बावजूद सफाई को लेकर नगर निगम का अमला गम्भीर नहीं है। आवारा सुअरों की पनाहगाह बने इस वार्ड में कल उस वक्त दहशत फैल गई जब यहाँ रहने वाले एक नोजवान की स्वाइन फ्लू के चलते मौत की खबर फैली। मिली जानकारी के अनुसार सतना निवासी रोशन मोटवानी नामक युवक वेंकट वार्ड चक्की घाट रोड में पिछले करीब 4 साल से किराये के मकान में रह रहा था। युवक एम्ब्राइडरी का काम करता था और इसी सिलसिले में कटनी में रह रहा था 4 दिन पहले उसे सांस लेने में तकलीफ के बाद जिला चिकित्सालय कटनी लाया गया लेकिन स्वाइन फ्लू के लक्षण के चलते उसे मेडिकल कालेज जबलपुर रिफर कर दिया गया। यहां 2 दिन भर्ती रहे रोशन की हालत खराब ही होती गई और कल अंततः उसने दम तोड़ दिया। परिजन उसे मूल निवास सतना ले गए । इधर मौत की खबर के बाद चक्की घाट के निवासी दहशत में हैं। लोगों का कहना है कि वार्ड में सुअर खुलेआम घूमते रहते हैं। कई क्षेत्रों में साफ सफाई का अभाव है। इसी के चलते यहां कई रहवासी संक्रामक रोग की गिरफ्त में हैं। कुछ माह पूर्व एक अधिवक्तता की भी स्वाइन फ्लू के चलते मौत हो चुकी है। गतांक में यशभारत ने भी सुअरों को लेकर ध्यानाकर्षण कराया लेकिन निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की। यहां की पानी की आपूर्ति भी पूरी तरह से दूषित हो चुकी है। जगह जगह फूटी पाइप लाइन से नालियों का पानी घर घर पहुंच रहा है। न तो पानी मे दवा डाली जा रही न ही ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव हो रहा। यही अनदेखी रही तो क्षेत्र में भयावह हालात निर्मित हो सकते हैं।


