हिरासत में लिए गए गुजरात के पूर्व IPS संजीव भट्ट, पूछताछ में जुटी CID
अहमदाबाद: गुजरात में पुलिस की अपराध अनुसंधान शाखा (सीआईडी-क्राइम) ने बर्खास्त आईपीएस अधिकारी संजीव भट्ट को लगभग दो दशक पुराने एक मामले में आज गिरफ्तार कर लिया। सीआईडी-क्राइम के पुलिस महानिदेशक आशीष भाटिया ने बताया कि भट्ट को एक अन्य पुलिसकर्मी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि पांच अन्य से पूछताछ की जा रही है। उन्हें राजस्थान के एक वकील के अपहरण के मामले में पकड़ा गया है। राजस्थान के पाली के वकील शमशेरसिंह राजपुरोहित को मई 1996 में गुजरात के बनासकांठा की पुलिस ने पालनपुर के एक होटल से एक किलो अफीम की बरामदगी के मामले में पकड़ा था। पर होटल के मैनेजर ने उन्हें पहचाने से इंकार कर दिया जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

