हिमाचल चुनाव परिणाम Live: BJP जीती, CM पद के दावेदार धूमल हारे
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे शुरू हो चुकी है। पहला रुझान भाजपा के पक्ष में आया था और फिलहाल बीजेपी 41 सीटों पर और कांग्रेस 23 सीटों पर आगे चल रही है वहीं अन्य चार सीटों पर आगे चल रही है।
रुझानों के हिसाब से देखा जाए, तो हिमाचल में भाजपा को बहुमत मिल गया है। हालांकि, पूरी तस्वीर नतीजों के आने के बाद साफ होगी। उधर, भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार रहे प्रेम कुमार धूमल चुनाव हार गए हैं।
बताते चलें कि कुल 68 विधानसभा सीटों के लिए बहुमत के लिए 35 का जादुई आंकड़ा चाहिए। भाजपा एवं कांग्रेस दोनों दलों ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए हैं। दोनों दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं में परिणाम को लेकर उत्साह है।
चुनाव आयोग ने इस बार मतदान में ईवीएम के साथ वीवीपैट का भी प्रयोग किया है। मतगणना के दौरान हर हलके से एक वीवीपैट की पर्चियों का ईवीएम में डले वोटों से मिलान होगा। अर्की विधानसभा सीट के लिए 9 नवंबर को 130 पोलिंग बूथों पर मतदान कराया गया था।

